एक युवक को बस में जा रही कॉलेज की छात्राओं को गंदे इशारे करना पड़ा भारी…

एक युवक को बस में जा रही कॉलेज की छात्राओं को गंदे इशारे करना बहुत भारी पड़ गया। यह युवक रोज बस में जा रही राजकीय महिला कालेज की छात्राओं गंदे इशारे करता था। बस की महिला चालक ने यह देख तो एक किलोमीटर तक पीछा कर युवक को पकड़ लिया। महिला चालक ने आरोपित युवक की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद युवक का मोबाइल लेकर छोड़ दिया। महिला चालक द्वारा पिटाई करने की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।
एक किलोमीटर तक पीछे दौड़ी ड्राइवर, वीडियो हुआ वायरल
सिरसा के राजकीय महिला कॉलेज की बस सिरसा से खैरेकां, वनसुधार, चामल, झोरडऩाली, नानुआना, मोहम्मदपुरिया, बालासर, मौजदीन व मल्लेका के बीच चलती है। छात्राओं को लाने और ले जाने की जिम्मेदारी महिला चालक पंकज की है। गांव झोरडऩाली के पास एक युवक पिछले कई दिनों से छात्राओं की तरफ गलत इशारे कर रहा था।
शनिवार सुबह के समय भी उसने अश्लील इशारे किए। इसके बाद महिला बस चालक सायं के समय छात्राओं को छोडऩे के लिए गांव जा रही थी। जैसे ही सायं के करीब 4:15 बजे झोरडऩाली में पहुंची। युवक कान में इयरफोन लगाए हुए छात्राओं की तरफ गलत इशारे करने लगा। इसके बाद बस चालक ने बस को ब्रेक लगा दी।
बस के रुकते ही आरोपित युवक भागने लगा। इसके बाद बस चालक पंकज ने एक किलोमीटर तक पीछाकर युवक को काबू कर लिया। इसके बाद बस के पास ले आई और उसकी जमकर धुनाई कर दी। युवक बार-बार माफी मांगा रहा और अब कभी ऐसी हरकत न करने की बात करता रहा। महिला चालक ने आरोपित युवक का मोबाइल लेकर अपने पास रख लिया, ताकि पुलिस को शिकायत करने में आसानी हो सके। वहीं इस मामले की छात्राओं ने मोबाइल से वीडियो बना ली। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
प्रदेश की पहली महिला बस चालक है पंकज
गांव मेहनाखेड़ा निवासी पंकज प्रदेश की पहली महिला बस चालक हैं। चालक मुख्यमंत्री मनोहर लाल से सम्मानित हो चुकी हैं। राजकीय महिला कालेज की बस चलाने वाली पंकज पिछले 13 सालों से बस चला रही हैं।





