उम्रकैद की सजा काट रहा यह पूर्व फौजी पैरोल पर घर आया और किया दिल दहला देने वाला काम

जेल से पैराेल पर आए पूर्व सैन्‍यकर्मी ने दिल दहला देने वाली वारदात कर दी। भतीजी की हत्‍या में उम्रकैद की सजा काट रहा यह पूर्व फौजी पैरोल पर घर आया और अपनी पत्‍नी को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद उसने खुदकुशी कर ली। वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना शहर की रामगोपाल कालोनी की है। जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत फौजी 55 साल का समुंद्र सिंह अपनी भतीजी की हत्‍या में उम्रकैद की सजा काट रहा था। वह पिछले दिनों पैरोल पर जेल से घर आया। घर में उसने पत्नी कृष्णा (48) की हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी। पता चलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया है कि दंपती के बीच अक्सर झगड़ा रहता था।

जसिया गांव निवासी समुंद्र सिंह अपनी पत्‍नी कृष्णा के साथ रामगोपाल कालोनी में रहता था। उसका बेटा विकास बॉक्सिंग का खिलाड़ी है और इस कारण अक्‍सर बाहर रहता है। उसकी बेटी की शादी हो चुकी है। समुंद्र सिंह 17 साल पहले भतीजी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था। 2 सितंबर को पैरोल पर आया था।

सोमवार सुबह समुंद्र सिंह की पत्‍नी कृष्णा का शव घर की गैलरी में खून से लथपथ मिला। शव के पास ही एक डंडा पड़ा हुआ था, उसमें लोहे की कील लगी हुई थी। समुंद्र सिंह गैलरी में ही फांसी पर लटका हुआ था। इसके बाद क्षेत्र में हडकंप मच गया। घटना के बारे में पता चलने के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। डीएसपी सज्जन कुमार, एफएसएल इंचार्ज डा. सरोज मलिक दहिया भी वहां पहुंचे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दंपती के बीच अक्सर झगड़ा रहता था। माना जा रहा है कि इसी वजह से पहले उसने अपनी पत्नी की हत्या की और फिर खुद भी फांसी लगा ली।

Back to top button