उपेंद्र कुशवाहा पर लाठीचार्ज के विरोध में बिहार बंद कल, महागठबंधन का समर्थन

रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा पर पटना में पुलिस की ओर से किये गए लाठीचार्ज के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। रालोसपा ने लाठीचार्ज के विरोध में 4 फरवरी को बिहार बंद बुलाया है। इस बंद को रालोसपा के अलावा ​बिहार महागठबंधन में शामिल तमाम दलों ने समर्थन किया है। वहीं उपेंद्र कुशवाहा पर ​किए गए पुलिस लाठीचार्ज को लेकर बिहार की सियासत तेज हो गई है। उपेंद्र कुशवाहा पर लाठीचार्ज के विरोध में बिहार बंद कल, महागठबंधन का समर्थन

महागठबंधन के दलों ने लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है तो सीएम नीतीश कुमार के मंत्री ने उपेंद्र कुशवाहा पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। बता दें कि शनिवार को उपेंद्र कुशवाहा की ओर से आक्रोश मार्च निकाला गया था। इसी क्रम में पटना के डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने आक्रोश मार्च के दौरान रालोसपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया। इसमें कुशवाहा समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गये। कुशवाहा को सिर में चोट लगी है। उन्हें पीएमसीएच में एडमिट कराया गया है।  

इधर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव ने उपेंद्र कुशवाहा पर हुए लाठीचार्ज की निंदा की है। उन्‍होंने ट्वीट कर सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्‍होंने अपने ट्वीट में कहा है कि ‘शिक्षा सुधार के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी द्वारा पुलिस से हमला करवाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ एवं तानाशाही की पराकाष्ठा है।’ उन्‍होंने आगे लिखा है कि ‘नीतीश जी, कुर्सी बचाने के लिए इस स्तर की राजनीति ठीक नहीं है।’ 

 

Back to top button