उत्तराखंड के 449 केंद्रों पर आज होगी स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा, मोबाइल पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा रविवार को प्रदेश के 449 केंद्रों पर होगी। इस बार अभ्यर्थी, कक्ष निरीक्षक से लेकर आयोग के ऑब्जर्वर को भी केंद्र के भीतर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
आयोग ने रविवार को होने वाली परीक्षा के लिए सख्त व्यवस्थाएं की हैं। पूर्व की परीक्षा में एक केंद्र पर हुई घटना से सबक लेते हुए सभी केंद्रों पर मोबाइल प्रतिबंधित किया गया है। यहां तक की आयोग के ऑब्जर्वर भी मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करेंगे। हां, इतना जरूर है कि अगर ऑब्जर्वर को आयोग से संपर्क करना होगा तो गेट से बाहर जाना होगा।
वहां अपने मोबाइल से बात करने के बाद वापस गेट पर ही अपना मोबाइल जमा कराना होगा। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं। भीतर कोई भी मोबाइल काम नहीं करेगा। सभी जैमर का एक दिन पूर्व ऑडिट कर लिया गया है। अगर कहीं पुलिस की जरूरत होगी तो जो मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं, उनसे संपर्क किया जा सकेगा।
सुबह 8:30 बजे खुल जाएंगे दरवाजे
आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि परीक्षा के लिए केंद्र के दरवाजे सुबह 8:30 बजे से खुल जाएंगे। 10:30 बजे तक हर हाल में अभ्यर्थियों को अपनी बायोमेट्रिक हाजिरी व अन्य जांचें करानी होंगी। 1,54,764 अभ्यर्थी इस परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि सभी के एडमिट कार्ड पर एक हेल्पलाइन नंबर भी दिया गया है, जिस पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश में कोई परेशानी होने की सूरत में संपर्क किया जा सकता है। मौसम की चेतावनी के बीच उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से समय से पूर्व ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की अपील की है।





