इस विस्फोटक बैटर की वजह से Sunil Gavaskar को याद रहेगा IPL 2026

आईपीएल 2026 खत्म हो चुका है। आरसीबी ने जीटी को हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली है और रिकॉर्ड बुक में लगातार दो सीजन आईपीएल का खिताब जीतने का रिकॉर्ड उन्होंने अपने नाम कर लिया है। आरसीबी की टीम तीसरी ऐसी फ्रेंचाइजी बन गई है, जिन्होंने लगातार दो बार आईपीएल की ट्रॉफी जीती है।
टूर्नामेंट के खत्म होने के बाद पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर भी राजस्थान रॉयल्स के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाए।
भले ही आरआर की टीम फाइनल तक नहीं पहुंच पाई, लेकिन वैभव ने अपनी निडर बैटिंग से सबका दिल जीत लिया। उन्होंने 220 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप हासिल करने वाले सबसे युवा प्लेयर बने। जब गावस्कर से ये पूछा गया कि इस सीजन की सबसे बड़ी याद क्या रहेगी, तो उन्होंने कहा कि 15 साल का ये लड़का ही इस आईपीएल की असली कहानी रहा है।
सुनील गावस्कर ने वैभव के लिए खोला दिल
दरअसल, सुनील गावस्कर ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा, वैभव को मैं निश्चित तौर पर याद रखूंगा। जिस तरह से उसने बल्लेबाजी की, 72 छक्के लगाए, पावरप्ले में ही 500 रन बना दिए। मतलब, 15 साल के लड़के के लिए यह कमाल की उपलब्धि है और इससे भारतीय क्रिकेट का भविष्य काफी अच्छा दिख रहा है।
वहीं, भारत के पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने वैभव सूर्यवंशी को पर टैलेंट और T20 क्रिकेट में दुनिया का सबसे बेहतरीन बताया। उन्होंने कहा कि उसे तुरंत इस महीने होने वाली आयरलैंड सीरीज के लिए टीम में ले लेना चाहिए। प्रसाद ने पीटीआई को दिए खास इंटरव्यू में कहा, “वह सिर्फ एक टैलेंट या सुपर टैलेंट नहीं है. वह पहले से ही T20 क्रिकेट में दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक है। उसे तुरंत भारतीय टीम में लाना चाहिए. श्रीलंका में इंडिया A ट्राई सीरीज के बाद होने वाली आयरलैंड सीरीज के लिए उसे चुना जाना चाहिए। मुझे लगता है, सीनियर भारतीय टीम में उसके आने का सही समय है। मुझे लगता है कि वह श्रीलंका में इंडिया A ट्राई सीरीज में भी धूम मचाएगा। देखिए, उसे रोकने का कोई मतलब नहीं है। वह जल्द ही भारत के लिए खेलेगा और लंबे समय तक खेलेगा।”
प्रसाद ने आगे कहा,
“पहले इंडिया A और फिर भारत के लिए खेलना आम तरीका है, लेकिन दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों के बीच दबाव वाले IPL में खेलना भारतीय टीम में आने का सबसे अच्छा तरीका है। मुझे लगता है कि चयनकर्ता भी यही सोच रहे हैं। बस थोड़े समय की बात है कि वह भारत के लिए खेलेगा और लंबे समय तक खेलेगा। “





