इंडस्ट्री में 20 साल पूरे होने का जश्न मनाएंगी प्रियंका चोपड़ा, शेयर की वीडियो

मुंबई। बॉलीवुड की ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा के इंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में 20 साल जल्द पूरे होने वाले हैं। प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी खास पहचान बनाई है। प्रियंका ने इंस्टग्राम पर एक वीडियो शेयर कर फैंस का आभार जताया है। प्रियंका चोपड़ा ने इस वीडियो को साझा कर लिखा-‘ये जश्न का समय है। 2020 में मेरे इस इंडस्ट्री में 20 साल होने जा रहे हैं। ऐसा कैसे हुआ पता नहीं। आप सभी का साथ मेरे साथ हमेशा रहा है। आइए मेरे साथ जुड़िए, मैं आपको अपना ये सफर दिखाना चाहती हूं।’
प्रियंका चोपड़ा के इस ऐलान के बाद से उनके फैंस काफी उत्साहित हैं और इन्तजार कर रहे हैं उस पल का जब प्रियंका खुद अपना ये सफर उनके साथ साझा करेंगी। फिलहाल सोशल मीडिया के जरिए प्रियंका को इंडस्ट्री में 20 साल पूरे करने की खुशी में फैंस से ढेरों बधाइयां मिल रही हैं।

View this post on Instagram

It’s time for a celebration… 2020 marks my 20 years in the entertainment industry! What?! How did that even happen?
A post shared by Priyanka Chopra Jonas (@priyankachopra) on Jul 21, 2020 at 5:50pm PDT

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने बरेली के आर्मी स्कूल में पढ़ाई के दौरान एक स्थानीय ब्यूटी क्वीन का टाइटल अपने नाम की थी। उसके बाद उनकी मां मधु चोपड़ा और भाई सिद्धार्थ चोपड़ा चाहते थे कि वह इसी क्षेत्र में आगे बढ़े और उन्होंने प्रियंका की कुछ तस्वीरें फेमिना मिस इंडिया में भेज दी। एक दिन अचानक प्रियंका के पास एक फोन आया कि आपको फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता के इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। इसके बाद प्रियंका अपनी कड़ी मेहनत से इस प्रतियोगिता में काफी आगे तक गई। 30 नवम्बर 2000 को उन्हें मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया गया था।

इस सम्मान को प्राप्त करने वाली वह पांचवीं भारतीय थी। इसके बाद प्रियंका को फिल्मों में अभिनय करने के ऑफर मिलने लगे। उन्होंने साल 2002 में आई तमिल फिल्म ‘थमिजहन’ के साथ अभिनय की शुरुआत की। इसके बाद प्रियंका ने बॉलीवुड का रुख किया और साल 2003 में आई फिल्म ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ अ स्पाई’ में सन्नी देओल, प्रीति जिंटा और अमरीश पुरी आदि के साथ अभिनय करने का मौका मिला। इसके बाद प्रियंका कई फिल्मों में नजर आई, लेकिन साल 2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘ऐतराज’ में उनकी नकारात्मक भूमिका और शानदार अभिनय के लिए काफी प्रशंसा मिली। प्रियंका ने खुद को बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्री साबित किया। क्योंकि 2006 में आई उनकी 2 फिल्में ‘क्रिश’ और ‘डॉन’ व्यवसायिक रूप से उस समय की सबसे सफल फिल्म रही। साल 2008 में आई उनकी फिल्म ‘फैशन’ प्रियंका के करियर का टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। इस फिल्म में उनके शानदार अभिनय के लिए उन्हें न सिर्फ सराहा गया, बल्कि इस फिल्म के लिए बेस्ट एक्ट्रेस के लिए नेशनल फिल्म अवार्ड के साथ-साथ फिल्मफेयर पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

प्रियंका चोपड़ा ने हिंदी, तमिल,तेलुगु के अलावा हॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में मुझसे शादी करोगी, कृष, डॉन 2, फैशन, ब्लैकमेल, बरसात, ब्लफमास्टर, दोस्ताना, कमीने, सात खून माफ, बर्फी, बाजीराव मस्तानी, बेवॉच, इजंट इट रोमांटिक, द स्काई इज पिंक आदि शामिल हैं। फिल्मों के अलावा प्रियंका चोपड़ा क्वांटिको नामक टीवी सीरीज में कार्य किया था। प्रियंका चोपड़ा न सिर्फ एक अच्छी अभिनेत्री, बल्कि एक अच्छी गायिका भी हैं। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म मैरीकॉम में एक लोरी गाने के साथ-साथ इंटरनेशनल सॉन्ग इग्जॉटिक, इन माई सिटी गाया हैं। इसके अलावा प्रियंका बतौर प्रोड्यूसर भी कार्य कर रही हैं। वह अपनी ही फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ को भी प्रोड्यूसर रह चुकी हैं और जल्द ही फिल्म ‘द वाइट टाइगर’ को भी प्रोड्यूस करने वाली हैं।

प्रियंका चोपड़ा को फिल्मों में उनके शानदार अभिनय के लिए पांच बार फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका हैं। इसके अलावा सिनेमा में उनके सराहनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें साल 2016 में पद्मश्री से भी सम्मानित किया हैं। प्रियंका चोपड़ा सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं और कई संस्थाओं से भी जुड़ी हुई हैं। साल 2018 में प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिकी सिंगर और एक्टर निक जोनस से शादी की है। दोनों की जोड़ी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे फेमस जोड़ी में से एक हैं। फिलहाल दोनों कलिफोर्निया में हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में अमेजन के साथ दो साल की ‘मल्टीमिलियन-डॉलर डील’ साइन की है। लाखों दिलों पर राज करने वाली प्रियंका चोपड़ा दुनिया की सबसे प्रभावशाली महिलाओं में से एक हैं। वह जल्द ही अमेरिकन सुपरहीरों पर आधारित फिल्म ‘वी कैन बी हीरोज’ में नजर आएंगी।

Back to top button