आतंकी ने किया खुलासा -आतंकी सरगना वादी में डर का माहौल पैदा कर कारोबार बंद कराने की फिराक में…

वादी में सामान्य हो रहे हालात से हताश नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार बैठे आतंकी सरगनाओं ने अपने कैडर को भीड़-भाड़ वाले इलाकों और पेट्रोल पंपों पर हमले और बाहरी ट्रक चालकों व श्रमिकों को निशाना बनाने का फरमान सुना रखा है। सोपोर में दो दिन पहले पकड़े गए लश्कर -ए-तैयबा के आतंकी दानिश अहमद चन्ना ने पूछताछ के दौरान यह खुलासा किया है। उसकी निशानदेही पर ही पुलिस ने लश्कर कमांडर सज्जाद का एक ठिकाना तबाह किया है।

हालांकि पुलिस ने आधिकारिक तौर पर दानिश से पूछताछ में मिले सुरागों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि दानिश ने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। उसने बताया कि इस समय पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ और एलओसी पार बैठे आतंकी सरगना वादी में डर का माहौल पैदा कर सभी तरह के कारोबार बंद कराना चाहते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दानिश ने माना है कि उसे बारामुला में खुल रही दुकानों को बंद कराने के लिए दुकानदारों की हत्या करने व बाजार में ग्रेनेड हमला करने के अलावा कुछ ट्रक चालकों को निशाना बनाने का जिम्मा सौंपा गया था। उसकी तरह कई अन्य आतंकियों को अलग-अलग शहरों और मोहल्लों में हमलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उसने वादी के विभिन्न हिस्सों में हमलों को अंजाम देने का मौका तलाश रहे कई आतंकियों के नाम भी लिए हैं। इन आतंकियों को चिन्हित करते हुए उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि दानिश से मिले सुरागों के आधार पर भीड़-भाड़ इलाकों और पेट्रोल पंपों के अलावा बाहरी श्रमिकों व ट्रक चालकों की सुरक्षा के लिए कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

Back to top button