आजमगढ़ में भीषण हादसा: बिजली के पोल से टकराते ही डीजल टैंकर में विस्फोट

यूपी के आजमगढ़ जिले में भीषण हादसा हुआ। गोरखपुर से डीजल लेकर जा रहा टैंकर बिजली के पोल से टकराया, जिसके बाद ट्रांसफार्मर भी गिर गया। टैंकर में विस्फोट हो गया, जिससे तीन लोगों की जलकर मौत हो गई।

गोरखपुर से डीजल लेकर बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप की ओर जा रहा टैंकर सोमवार को जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मालटारी-मिर्जापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास हादसे का शिकार हो गया। बिजली के पोल पर लगा ट्रांसफार्मर भी गिर गया। इसके तुरंत बाद तेज धमाके के साथ टैंकर में भीषण आग लग गई।

आग इतनी विकराल थी कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी टैंकर के पास नहीं जा सके। देखते ही देखते आग की ऊंची-ऊंची लपटों ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए छह दमकल गाड़ियों को लगाया गया।

घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मरने वालों में मेहनगर थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव निवासी 26 वर्षीय प्रदीप कुमार भी शामिल है। हादसे के बाद उसके परिवार में कोहराम मच गया।

वहीं, दो युवकों की पहचान का प्रयास पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। मृतकों की पहचान और अन्य तथ्यों की पुष्टि के बाद विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।

Back to top button