अवध हॉस्पिटल होता हुआ कोरोना पहुंचा शिव शांति आश्रम!
-हॉस्पिटल संचालक के परिवार व हॉस्पिटल से जुड़े 11 लोगों में कोरोना पॉजिटिव
-रक्तदान शिविर में भाग लेने वाली केजीएमयू टीम में भी दहशत
पद्माकर पाण्डेय ‘पद्म’
लखनऊ। आलमबाग स्थित अवध हॉस्पिटल के संचालक के परिवार में गहरी पैठ बनाने के बाद कोरोना संक्रमण वीआईपी रोड स्थित शिव शांति आश्रम पहुंच गया है, यही नहीं परिवार द्वारा केजीएमयू के साथ मिलकर कराये गये रक्तदान शिविर के कारण केजीएमयू की टीम में भी दहशत पैदा हो गयी है। हॉस्पिटल के संचालक के परिवार में कोरोना संक्रमण ने गहरी पैठ बना ली है, परिवार के करीब 11 सदस्य संक्रमित हो चुके हैं, पीजीआई में भर्ती भी हैं गौरतलब है कि संक्रमित होने के दौरान ही उक्त परिवार ने केजीएमयू की टीम बुलाकर ब्लड डोनेशन कैंप भी संपन्न कराया था। संक्रमण की सूचना मिलने के बाद केजीएमयू टीम में भी दहशत व्याप्त है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.नरेन्द्र अग्रवाल के अनुसार अवध हॉस्पिटल के डॉक्टर, एकाउटेंट, फार्मासिस्ट समेत मालिकान के परिवार आदि के करीब 11 लोग संक्रमित हैं। सभी को पीजीआई में भर्ती कराया गया था। वहीं सूत्रों की माने तो इन्हीं के परिवार का राज मेडिकल स्टोर है, जिनकी पॉजिटिव होने की सूचना सार्वजनिक हो चुकी है, इन्ही के ही परिवार के सदस्य, जो महिन्द्रा डिफेंस में कार्यरत है, जिसके संक्रमित होने की वजह से ही कोरोना संक्रमण डायल 112 मुख्यालय बिल्डिंग में पहुंचा है।
इसके अलावा सूत्रों की माने तो इन्हीं के परिवार से संबन्धित वीआईपी रोड स्थित शिव शांति आश्रम में मुख्य पदाधिकारी, उनके बेटी-दामाद में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिसकी वजह से आश्रम में रहने वाले सैकड़ों लोगों में दहशत व्याप्त है। गौरतलब है कि संक्रमण की पुष्टि होने के बाद भी लोगों की भी सैंपलिंग नहीं हुई है।
दूसरी ओर केजीएमयू की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ.तूलिका चन्द्रा का कहना है कि ब्लड डोनेशन कैंप, पूर्ण सतर्कता और डिस्टेंसिंग के साथ आयोजित किया जाता है। कैंप के बाद, संक्रमित पुष्ट होने की जानकारी मिली थी, मगर संक्रमित लोगों में किसी ने भी डोनेशन नहीं किया था। उन्होंने यह भी कहा कि खून में कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं होता है, इसलिये खून के डोनेशन या चढ़ाने से संक्रमण ट्रांसफर नहीं होता है।





