अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का CISF DG ने लिया जायजा

सीआईएसएफ महानिदेशक प्रवीर रंजन ने पहलगाम के नुनवन बेस कैंप पहुंचकर अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था, तैनाती और निगरानी प्रणालियों का जायजा लिया।
जम्मू-कश्मीर में चल रही अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के महानिदेशक प्रवीर रंजन ने पहलगाम स्थित नुनवन बेस कैंप का दौरा किया।
महानिदेशक प्रवीर रंजन ने अतिरिक्त महानिदेशक (उत्तर) सुधीर कुमार के साथ नुनवन बेस कैंप पहुंचकर यात्रा की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा तैनाती, प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था, संचार नेटवर्क, निगरानी प्रणाली, चिकित्सा सुविधाओं और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय की जानकारी ली।
महानिदेशक ने प्रमुख सुरक्षा स्थानों, चेक पोस्ट, संचार केंद्र, सीआरपीएफ कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी केंद्र और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा मार्ग की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, क्षेत्र की निगरानी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने जवानों के बैरक, तीर्थयात्रियों के शिविरों और स्वास्थ्य कर्मियों से भी मुलाकात की। सीआईएसएफ महानिदेशक ने जवानों की कार्यकुशलता और समर्पण की सराहना करते हुए सभी कर्मियों को हर समय सतर्क रहने, मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





