अब मिश्रिख-नैमिषारण्य में नहीं होगी बिजली समस्या, 132 केवी पाॅवर हाउस बनकर तैयार

सीतापुर: सीतापुर के मिश्रिख और नैमिषारण्य के लोगों के लिए खुशखबरी है। यहां के बाशिंदों को अब बिजली संबंधी समस्याओं से जल्द छुटकारा मिलने जा रहा है। यहां के लोगों की सुविधाओं के लिए नया पाॅवर हाउस बनकर तैयार हो गया है। जल्द ही कार्यदायी संस्था द्वारा पाॅवर हाउस को बिजली विभाग के सुपुर्द कर दिया जाएगा।

मिश्रिख-नैमिषारण्य के लिए पाॅवर हाउस का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब यहां टेस्टिंग अपने अंतिम चरण में चल रही है। जल्द ही कार्यदायी संस्था से इसे हैंडओवर करा लिया जाएगा। इससे 40 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। साथ ही राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी।
– एके श्रीवास्तव, अधिशाषी अभियंता
गौरतलब है कि अब तक मिश्रिख-नैमिषारण्य के लिए बिजली सप्लाई 220 केवी पाॅवर हाउस हुसैनगंज से की जाती थी। तकरीबन 40 किलोमीटर लंबी बिजली लाइन होने के कारण यहां समस्याएं भी तमाम लगी रहती थी। मामूली आंधी और बारिश होने पर भी समूचे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती थी। जिसके चलते यहां के उपभोक्ताओं को कई-कई घंटे इंतजार करना पड़ता था। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों के लिए भी इतनी लंबी लाइन पर फाॅल्ट ढ़ूंढ़ना किसी चुनौती से कम नहीं था।
इन समस्याओं को देखते हुए सितंबर 2017 में मिश्रिख में 132 केवी नए उपकेंद्र की नींव रखी गई थी। करीब तीन वर्षों में उपकेंद्र निर्माण के साथ यहां सप्लाई के लिए नई बिजली लाइन का निर्माण भी कराया गया। मिश्रिख-नैमिषारण्य के साथ मछरेहटा ब्लाॅक के ग्रामीण इलाकों के करीब 40 हजार उपभोक्ता लाभांवित होंगे। बिजली संबंधी समस्याएं न आए, इसके लिए यहां 40 एमवीए क्षमता का परिवर्तक भी लगाया गया है। स्थानीय लोगों के साथ ही यहां देश के अलग-अलग प्रांतों से आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा।
 

Back to top button