अडानी ग्रुप व वीवो करेंगे बड़ा निवेश, इलेक्ट्रॉनिक सिटी एनसीआर में

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में 2,500 एकड़ जमीन पर इलेक्ट्रॉनिक सिटी बनाई जाएगी। उत्तर प्रदेश में इसके बनने से पांच वर्षो में चार लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। यह जानकारी उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने दी है। वह भूमि पूजन कार्यक्रम में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग विषय पर आधारित तकनीकी सत्र में लोगों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी (आइटी) व इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में दोनों भूमि पूजन में करीब 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया था जो पूरा कर लिया गया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क (स्वान)-दो का शुभारंभ किया।
भारती एयरटेल के सहयोग से राजधानी में प्रदेश मुख्यालय और 574 ब्लॉक व 235 तहसील स्तर तक तेज गति से इंटरनेट सुविधा मिलेगी, जिससे ई-गवर्नेस को बढ़ावा मिलेगा। मोबाइल निर्माता कंपनी वीवो के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि कंपनी के लिए चीन व फिलीपींस के बाद भारत तीसरा सबसे बड़ा मार्केट है।
यहां के मोबाइल बाजार में हमारी कंपनी की 20.1 फीसद हिस्सेदारी है। अब ग्रेटर नोएडा में 169 एकड़ जमीन पर 7,500 करोड़ की लागत से नई इकाई शुरू की जाएगी। इससे 40 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। अडानी ग्रुप के डाटा बिजनेस सेंटर के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पंकज सिंह ने बताया कि कंपनी उत्तर प्रदेश के जेवर व एनसीआर में दो डाटा सेंटर स्थापित करेगी। ये 250-250 मेगावाट के डाटा सेंटर होंगे जो सौर ऊर्जा सयंत्र से चलेंगे।
इसके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र बुंदेलखंड व पूर्वाचल में बनेंगे। इस परियोजना में 60 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। उत्तर प्रदेश के आइटी व इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि इंटरनेट के बढ़ते प्रयोग के कारण ग्राहकों का डाटा सुरक्षित रखना बहुत जरूरी हो गया है। देश में पहली डेटा सेंटर नीति यूपी सरकार बना रही है। यूपी सरकार ने उद्यमियों का भरोसा जीता है। आइटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के अपर मुख्य सचिव आलोक सिन्हा ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की निर्माण इकाईयां पश्चिम उत्तर प्रदेश व बुंदेलखंड में भी स्थापित होंगी।
हायर की बड़ी योजना
हायर एप्लाएंसेज इंडिया के प्रेसिडेंट एरिक ब्रेगेंजा ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में कंपनी अपनी निर्माण इकाई अगले वर्ष अक्टूबर तक स्थापित करेगी। इसके बाद 20 लाख रेफ्रिजरेटर और 10 लाख वॉशिंग मशीन का निर्माण हर साल किया जाएगा।
सनवोडा बढ़ाएगी क्षमता
सनवोडा इलेक्ट्रॉनिक डाटा के इंटरनेशनल डायरेक्टर वॉग माओतोई ने कहा कि अभी तक यूपी में कंपनी ने 1,500 करोड़ का निवेश किया है। सुरक्षित व फास्ट चार्जिग बैटरी बनाने पर कंपनी का जोर है। इलेक्ट्रॉनिक वाहनों का प्रयोग आगे बढ़ेगा। ऐसे में 50 लाख बैटरी की निर्माण क्षमता बढ़ाकर दोगुनी की जाएगी।





