अखिलेश ने लोन भुगतान को लेकर दिया ये बड़ा बयान, कहा- भाजपा के धोखे का शिकार हुए गन्ना किसान

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि गन्ना किसान भाजपा सरकार के धोखे का शिकार हुए हैं। अभी तक सभी चीनी मिलों में पेराई शुरू नहीं हुई है और किसानों को बकाया गन्ना मूल्य भुगतान भी नहीं मिल पाया।

अखिलेश ने कहा कि पिछले एक साल के भीतर सिंचाई के लिए उपयोग में आने वाले डीजल के दाम में 28 प्रतिशत, बिजली दरों में 30 प्रतिशत, कीटनाशकों के मूल्य में 30 प्रतिशत, डीएपी में 10 प्रतिशत एवं मजदूरी में 10 प्रतिशत वृद्धि हुई है। इससे उत्पादन लागत 15-20 फीसदी बढ़ गई है।
उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद शाहजहांपुर के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल उत्पादन लागत 289 रुपये प्रति क्विंटल थी, जो इस बार 297 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। इसके बावजूद भाजपा सरकार ने वर्ष 2018-19 के लिए गन्ने के राज्य परामर्शी मूल्य (एसएपी) में कोई वृद्धि नहीं की है। इससे किसानों में आक्रोश है।





