अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र के लिए पहला मिशन सोमवार को होगा रवाना

बैकानूरः अक्टूबर में हुए एक हादसे के बाद से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र जाने वाला पहला मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन सोमवार को रवाना होगा. इससे पहले हादसे के बाद से मॉस्को के अंतरिक्षयान को लेकर चिंताएं पैदा हो गयी थीं. रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोसकोसमोस के ओलेग कोनोनेनको, नासा से एनी मैकक्लेन और कनाडाई अंतरिक्ष एजेंसी के डेविड सेंट-जैक्स ने सुरक्षा संबंधी किसी भी आशंका को खारिज करते हुए कहा कि जोखिम तो इस काम में होता ही है.
अंतरिक्षयान कजाकिस्तान के बैकानूर से सोयुज रॉकेट के साथ सोमवार को अंतरराष्ट्रीय समयानुसार पूर्वाह्न 11:31 बजे साढ़े छह महीने के मिशन पर रवाना होगा. वहीं अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने कहा है कि तीन अंतरिक्ष यात्री साढ़े छह माह के मिशन पर सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) के लिए रवाना होंगे. इस मिशन में शामिल तीन में से दो अंतरिक्षयात्रियों की यह पहली उड़ान है.





