हुड्डा के गढ़ में BJP की सेंधमारी, देवेंद्र कादियान कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए शामिल

अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के प्रभारी तथा राहुल गांधी की कोर टीम के सदस्य देवेंद्र कादियान कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हो गए हैं। होटल व्यवसायी देवेंद्र सोनीपत के गन्नौर विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। BJP को जाटलैंड में एक बड़ा चेहरा मिल गया है, जो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ में कांग्रेस पार्टी पर प्रभाव डाल सकता है। BJP के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला और सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर की मौजूदगी में देवेंद्र कादियान ने BJP की विधिवत रूप से सदस्यता ग्रहण की है।

देवेंद्र कादियान के शामिल होने से BJP को हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली में फायदा मिलेगा। उनके होटल की श्रृंखला एनसीआर, जीटी रोड और नेशनल हाईवे नंबर दस पर है। वह 16 सालों से कांग्रेस से जुड़े रहे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उन्होंने कांग्रेस को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। इतना ही नहीं उत्तराखंड के केदारनाथ में आई प्राकृतिक आपदा में भी देवेंद्र कादियान ने वहां रहकर पीडि़तों की आर्थिक मदद की थी। कांग्रेस पार्टी ने उनको उनको राजस्थान, गुजरात मे युवा कांग्रेस का प्रभारी बनाया। उनके नेतृत्व में कई युवा चुनाव जीतकर विधायक भी बने। देवेंद्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर के साथ थे।

सीएम मनोहर के व्यक्तित्व से प्रभावित

देवेंद्र कादियान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने निष्पक्ष और पूरी ईमानदारी के साथ योजनाओं को धरातल पर लागू किया है। वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल के व्यक्तित्व से काफी प्रभावित हैं। युवा वर्ग को पूरी ईमानदारी से नौकरियां दी। किसानों के लिए केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार ने सम्मान निधि राशि देने का देने का निर्णय लिया। दोनों निर्णय युवा और किसान के लिए अहम साबित हुए हैं।

कादियान ने कहा कि विदेश नीति हो या फिर रक्षा नीति, दोनों मामलों में दुनिया के सबसे मजबूत नेता नरेंद्र मोदी फ्रंट फुट पर रहे हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और हरियाणा तरक्की के नए आयाम पर पहुंच रहा है। वहीं, BJP प्रदेश प्रधान सुभाष बराला ने कहा कि देवेंद्र कादियान जैसे युवा नेता के पार्टी में शामिल होने से निसंदेह संगठन को फायदा होगा।

Back to top button