सुशांत केस में मुंबई पुलिस किसे बचा रही है ?

जुबिली न्यूज़ डेस्क
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत खुदकुशी मामले में मुंबई पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। सुशांत के पिता ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया है। वहीं, सोशल मीडिया पर मुंबई पुलिस के खिलाफ #ShameOnMumbaiPolice कैंपेन चल रहा है।
सुशांत के पिता कृष्ण कुमार सिंह का कहना है कि उनके बेटे के निधन के 40 दिन बाद भी मुंबई पुलिस कुछ खास हासिल नहीं कर पाई है, इससे कहीं न कहीं यह संदेश जाता है कि वह जानबूझकर कोई कार्रवाई करना नहीं चाहती। ट्विटर पर हैशटैग ShameOnMumbaiPolice ट्रेंड कर रहा है।
सोशल मीडिया पर लोग लगातार मुंबई पुलिस को निशाना बना रहे हैं। उनका आरोप है कि पुलिस बॉलीवुड माफिया के आगे सरेंडर हो गई है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। गौरतलब है कि अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी हाल में पुलिस पर निशाना साधा था।
उन्होंने ट्वीट करके कहा था कि ‘अचानक मुंबई पुलिस की तरफ से कई रिपोर्ट सामने आई हैं, जिनमें सुशांत को मानसिक तौर पर बीमार बताया गया है। एक सायकायट्रिस्ट्स ने भी यह दावा किया है, जिससे सुशांत कभी-कभार मिलते थे। वाह! क्या कोई इसे साबित कर सकता है? क्या किसी की मेडिकल हिस्ट्री को सामने लाना कानून के खिलाफ नहीं है’?
#ShameOnMumbaiPolice कैंपेन से भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी, अभिनेत्री कंगना सहित कई बड़े नाम भी जुड़ गए हैं और सभी एकसुर में मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। कंगना ने महाराष्ट्र के गृहमंत्री पर भी निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, ‘अनिल देशमुख खुद को क्या समझते हैं? किसने उन्हें गृहमंत्री बनाया। वो सुशांत सिंह राजपूत की मौत को आत्महत्या कैसे कह सकते हैं’?
बता दें कि लगातार हो रही मांग के बावजूद महाराष्ट्र सरकार ने साफ कर दिया है कि सुशांत केस सीबीआई को ट्रांसफर नहीं किया जाएगा। गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा है कि मामले की जांच मुंबई पुलिस ही करेगी और इसे सीबीआई को नहीं सौंपा जाएगा।
यह भी पढ़ें : वायरल हो रहे इस वीडियो के पीछे राजस्थान में क्यों मचा बवाल
यह भी पढ़ें : अब इस डेट तक भर सकते हैं आयकर रिटर्न

Back to top button