लंदन में भारतीय चुनाव की धूम, भाजपा और कांग्रेस ने निकाली कार रैली

भारत के चुनाव का असर हजारों मील दूर ब्रिटेन में भी दिखाई देने लगा है। अनिवासी भारतीय मतदाताओं और समर्थकों को प्रभावित करने के लिए भाजपा और कांग्रेस की ओवरसीज यूनिटों ने शनिवार को कार रैली का आयोजन किया। रैली के माध्यम से दोनों पार्टी के समर्थकों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए।
द ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी की कार रैली में यूरोपियन रेसिंग चैंपियन अद्वैत देवधर ने भी भाग लिया। भाजपा की इस रैली में सैकड़ों कारें शामिल हुईं, इनमें नमो टीशर्ट पहने पार्टी समर्थक बैठे थे। इस रैली की कारें लंदन, बर्मिघम, लीसेस्टर, मैनचेस्टर, एडिनबर्ग और न्यूकैसल से होकर गुजरी।
जबकि कांग्रेस के संगठन इंडियन ओवरसीज कांग्रेस की पश्चिमी लंदन से शुरू हुई कार रैली बर्मिघम, कॉवेंट्री और स्लघ में घूमी। रैली की कारें दक्षिण-पश्चिम लंदन में आकर थमीं।
भाजपा की इकाई के अध्यक्ष कुलदीप शेखावत ने कहा, ब्रिटेन में रहने वाले दस हजार भारतीय बहुत उत्साह और सक्रियता से भारत में होने वाले चुनावों में भाग लेते हैं। वे इस बार के चुनाव में भी टीम मोदी की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे और भाजपा को हर तरह से मजबूत करेंगे।
कांग्रेस की कार रैली के आयोजक पार्टी इकाई के अध्यक्ष कमलप्रीत सिंह धालीवाल बर्मिघम में उमड़ी समर्थकों की भीड़ से खासे उत्साहित दिखे। रैली की समाप्ति पर पश्चिम लंदन में हुई सभा में भारत के चुनाव में कांग्रेस के उल्लेखनीय प्रदर्शन का भरोसा जताया गया। रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के भी शामिल होने की चर्चा थी लेकिन बाद में कहा गया कि भारत में चुनाव तैयारियों में व्यस्त होने के कारण वह आयोजन के लिए समय नहीं निकाल सकी हैं।

Back to top button