राष्ट्रीय खेल दिवस : पीएम मोदी, अमित शाह और किरेन रिजिजू ने मेजर ध्यान चंद को किया याद

नई दिल्ली। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यान चंद जी को याद किया है। पीएम ने शनिवार को ट्वीट करके कहा कि आज राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हैं, जिनके हॉकी स्टिक के जादू को कभी नहीं भुलाया जा सकता। साथ ही यह दिन खिलाड़ियों के परिवारों, कोच और सभी स्टाफ के योगदान की तारीफ करने का भी है।

 
पीएम मोदी ने कहा कि खेल दिवस उन खिलाड़ियों के योगदान को याद करने का दिन है, जिन्होंने खेलों में भारत का नाम रौशन किया है। उनकी कड़ी मेहनत और दृढनिश्चय का कोई सानी नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार खेलों और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए कई तरह के प्रयास कर रही है। मैं लोगों से आह्वाहन करता हूं कि लोग खेल और व्यायाम को अपने जीवन का हिस्सा बनाए।
इसी तरह गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। एक अभूतपूर्व किंवदंती, जिसने तीन ओलंपिक स्वर्ण पदक जीते और अपनी जादुई तकनीक के माध्यम से लाखों लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मातृभूमि के प्रति उनकी प्रतिभा, उपलब्धियों और भक्ति आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
इसी तरह खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने एक वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि आज राष्ट्रीय खेल दिवस है और मैं ‘द विजार्ड ऑफ इंडियन हॉकी ‘मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। महान खिलाड़ी ध्यानचंद ने भारत में प्रशंसा और सम्मान लाने के लिए हॉकी में अद्वितीय समर्पण और कौशल का प्रदर्शन किया।
बताते चलें कि मेजर ध्यानचंद की जयंती को भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
The post राष्ट्रीय खेल दिवस : पीएम मोदी, अमित शाह और किरेन रिजिजू ने मेजर ध्यान चंद को किया याद appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button