राम मंदिर पर सियासत : कांग्रेस का दावा – राजीव गांधी ने की थी रामराज्य की कल्पना

भोपाल। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ होने के साथ सियायत भी शुरू हो गई है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 76वीं जयंती पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विज्ञापन जारी कर कहा है कि राजीव गांधी ने ही राम राज्य की परिकल्पना की थी और उन्होंने ही अयोध्या में राम मंदिर की नींव भी रखी थी।

भोपाल के प्रमुख अखबारों में प्रकाशित विज्ञापन में कहा गया है कि राजीव गांधी राम राज्य की गतिशील यात्रा के कुशल सारथी रहे हैं। उन्होंने 1985 में दूरदर्शन पर रामायण सीरीयल शुरू कराया। उसके बाद जन्मभूमि के ताले खुलवाकर भक्तों को रामलला के दर्शन करवाए। राजीव ने ही 1989 में राम जन्मभूमि के शिलान्यास की इजाजत भी दिलवाई।

उल्लेखनीय है कि गत पांच अगस्त को अयोध्या में भूमि पूजन के दिन मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने निवास पर राम दरबार का आयोजन किया था। उन्होंने कहा था कि अगर कोई और राम मंदिर निर्माण का क्रेडिट लेने की कोशिश कर रहा है तो ये गलत है।

Back to top button