रसीले और आकर्षक लाल अंगूर आपके समग्र स्वास्थ्य के लिए है बेहद फायदेमंद-

लाल अंगूर दिखने में जितने सुंदर होते हैं, वे सेहत के लिए भी उतने ही फायदेमंद होते हैं। दिन भर में बस एक कटोरी लाल अंगूर का सेवन आपकी त्वचा, हृदय स्वास्थ्य, मस्तिष्क, आंखों और यहां तक कि प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए भी फायदेमंद (Red grapes benefits) साबित होता है। सिर्फ इतना ही नहीं लाल अंगूर आपको कैंसर, उच्च रक्तचाप, एलडीएल यानी बैड कोलेस्ट्रॉल से भी बचा सकता है।

जानिए क्यों खास हैं लाल वाले अंगूर

असल में लाल अंगूर में बहुत कम कैलोरी, वसा और कोलेस्ट्रॉल मौजूद होता है। इतना कि आप इसे जीरो मान सकते हैं। जबकि ये एंटी ऑक्सीडेंट का खजाना हैं। इसलिए आहार विशेषज्ञ अकसर त्वचा का ग्लो बढ़ाने के लिए लाल अंगूर के सेवन की सलाह देते हैं। इनमें विटामिन सी, विटामिन ए, विटामिन बी-6, विटामिन के, फोलेट, जिंक, कॉपर, पोटेशियम, मैंगनीज और कैल्शियम भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है।

इनमें पाया जाने वाला सबसे महत्तवपू्र्ण तत्व है रेस्वेराट्रोल। ये एक पॉलीफेनोल एंटीऑक्सिडेंट है, जिसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह एंटीऑक्सीडेंट लाल अंगूर के छिलके में पाया जाता है। रेस्वेराट्रॉल को कैंसर, हृदय रोग जैसी कई समस्याओं को कम करने वाला माना गया है।

एक आहार विशेषज्ञ बता रहीं हैं लाल अंगूर के सेवन से होने वाले फायदे

न्यूट्रिशनिस्ट और वेलनेस एक्सपर्ट करिश्मा शाह ने लाल अंगूर के कई फायदे बताए हैं।

1 आप कम बीमार पड़ती हैं

आहार एवं वेलनेस एक्सपर्ट करिश्मा शाह कहती हैं, जब आप नियमित रुप से लाल अंगूर का सेवन करती हैं, तो आप कम बीमार पड़ती हैं। इसकी वजह है इससे इम्युनिटी को होने वाला फायदा। लाल अंगूर में कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो आपके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं।

2 स्किन कैंसर से बचाव करता है

करिश्मा बताती हैं, “इनमें एक एंटीऑक्सीडेंट पाया जाता है रेस्वेराट्रोल, जो कैंसर को नियंत्रित करने में काफी मददगार साबित हुआ है। यह एंटीऑक्सीडेंट सूरज की हनिकारक किरणों से आपकी रक्षा कर किसी भी तरह के स्किन कैंसर से आपकी रक्षा करता है।

3 हार्ट हेल्थ के लिए भी है अच्छा

लाल अंगूर और इससे बनने वाली वाइन में एंटीऑक्सिडेंट होते हैं, जो हार्ट को सही तरीके से काम करने में मदद करते हैं। लाल अंगूर में फ्लेवोनोइड्स और पॉलीफेनोल्स नामक दो एंटीऑक्सिडेंट होते है। जो सूजन को कम करके ब्लड वेसल्स को ठीक से संचालित करते है। लाल अंगूर शरीर में प्लेटलेट्स के क्लॉटिंग फंक्शन को भी कम करते हैं।

4 वेट लॉस में मददगार

इस खास रंग के अंगूर में फाइबर और पानी अच्छी मात्रा में होता है, जिसको खाने के बाद आपका पेट भर जाता है। वेट लॉस करने के लिए कई लोग लाल अंगूर का इस्तेमाल करते हैं। ये आपके लिए एक बेहतरीन पोस्ट वर्कआउट मील भी बन सकता है।

5 ब्लड प्रेशर कंट्रोल करता है

लाल अंगूर पोटेशियम का अच्छा स्रोत हैं और पोटेशियम शरीर में सोडियम के नकारात्मक प्रभाव को कम करके हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करता है ।

6 मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहतर

लाल अंगूर में में मौजूद रेस्वेराट्रोल ब्लड वेसल्स में रक्त के प्रवाह को नियंत्रित करता है। जिससे ब्रेन में रक्त का प्रवाह सुचारू रूप से होता है। इससे आप फ्रेश और एनर्जेटिक फील करती हैं और कम तनावग्रस्त होती हैं। यानी लाल अंगूर का सेवन आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद है।

डायबिटीज में भी किया जा सकता है लाल अंगूर का सेवन

ज्यादातर लोगों को लगता है कि डायबिटीज में फल खाने से खून में चीनी की मात्रा बढ़ जाएगी। पर यह केवल एक मिथ है। लोगों को लगता है कि मीठे फल उनका शुगर लेवल बढ़ा देंगे। जबकि कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल डायबिटीज से ग्रस्त लोगों के लिए काफी फायदेमंद हैं। जिन फलों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, वो शरीर में तुरंत ब्लड शुगर को नहीं बढ़ाते। लाल अंगूर का ग्लाइसेमिक इंडेक्क्स 53 होता है, जो इसे डायबिटीज रोगियों के लिए भी आदर्श फल बना देता है।

Back to top button