मुख्तार अंसारी पर कसा शिकंजा, डालीगंज में हटाया जा रहा है अवैध कब्जा, दो टावर जमींदोज़

लखनऊ। माफिया और विधायक मुख्तार अंसारी पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। बुधवार की सुबह राजधानी के डालीगंज में अवैध कब्जे वाली जगह में बने अंसारी के दो टावर जमींदोज़ कर दिए गए। पुलिस और एलडीए ने मिलकर की कारवाई है। अवैध कब्जे वाली जगह को खाली कराने का काम अभी जारी है। पुलिस ने गेट का ताला तोड़कर वहां बने स्ट्रक्चर से सामान को निकाल लिया है।

जानकारी के मुताबिक़ मुख्तार अंसारी के दो बेटों के डालीबाग में दो टावर बने हैं, जिन्हें पुलिस और एलडीए ने मिलकर जमींदोज कर दिया है। यह सम्पत्ति पहले राबिया के नाम थी। बाद में अंसारी के दोनों बेटों अब्बास व उमर के नाम ट्रांसफर कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि डालीबाग में बने दोनों टावर शत्रु संपत्ति पर क़ब्ज़ा कर बनाये गए थे। इसके खिलाफ गत 11 अगस्त को निरस्तीकरण का निर्देश जारी हुआ था।

उल्लेखनीय है कि इसके पहले भी प्रशासन ने विधायक मुख्तार अंसारी के करीबीयों के खिलाफ भी एक्शन लिया था। गाजीपुर जिला प्रशासन ने विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी एवं एक अन्य रिश्तेदार द्वारा कथित तौर पर अवैध रूप से बनवाए और खाद्य निगम को किराए पर दिए गए भवन को गिराकर उस जमीन को पुनः ग्रामसभा के सुपुर्द दिया था।

Back to top button