कांग्रेस को बड़ा झटका, बीजेपी में शामिल हो सकती हैं रीता बहुगुणा जोशी

बीजेपी में शामिल हो सकती हैं रीता बहुगुणा जोशी लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस सरकार को एक जोरदार झटका लग सकता है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का बड़ा चेहरा रीता बहुगुणा जोशी कांग्रेस पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हो सकती हैं। बताया जा रहा है कि रीता बहुगुणा जोशी और उनका बेटा मयंक जोशी भाजपा के संपर्क में हैं।

रीता बहुगुणा हो सकती हैं बीजेपी में शामिल

जानकारी के अनुसार रीता बहुगुणा अपने भाई और कांग्रेस के पूर्व दिग्गज नेता विजय बहुगुणा के जरिए भाजपा के संपर्क में हैं। पार्टी ने सीएम उम्मीदवार के तौर पर शीला दीक्षित को पहले ही उतार दिया है, इसके अलावा राज बब्बर के पास उत्तर प्रदेश कांग्रेस की कमान है। रीता बहुगुणा जोशी को लग रहा है कि वो उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की राजनीति में हाशिए पर चली गई हैं।

कांग्रेस प्रचार में नहीं दिखी रीता बहुगुणा 
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी खुद खाट सभाएं, संदेश यात्रा और किसान यात्राएं करके पार्टी का प्रचार कर रहे हैं। पार्टी प्रचार के दौरान रीता बहुगुणा कहीं भी दिखाई नहीं दी। आपको बता दें कि रीता बहुगुणा जोशी की पहले भी पार्टी छोड़ने को लेकर सोशल मीडिया पर खबरें आ चुकी हैं। लेकिन, हर बार रीता बहुगुणा जोशी ने इन बातों से इंकार किया है।

कौन हैं रीता बहुगुणा जोशी ?
रीता बहुगुणा जोशी का जन्म 22 जुलाई 1949 को हुआ। रीता बहुगुणा को राजनीति विरासत में मिली है। उनके पिता हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उनकी मां कमला बहुगुणा सांसद रह चुकी हैं। रीता बहुगुणा जोशी इतिहास में इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से पीएचडी हैं। रीता बहुगुणा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष व  यूपी कांग्रेस की कमान भी संभाल चुकी हैं। अब रीता बहुगुणा जोशी लखनऊ विधानसभा सीट से विधायक हैं।

पंजाब केसरी.इन से साभार

Back to top button