पेट्रोल पंप पर बदमाशों ने गार्ड को मारी गोली, लाइसेंसी बंदूक लूटकर हुए फरार

गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ रोड स्थित भारत-पेट्रोल पंप पर रविवार की रात तीन-चार हथियारबंद बदमाशों ने गार्ड को गोली मारकर उसकी लाइसेंसी बंदूक लूटकर फरार हो गए। गार्ड को गंभीर हालत में नेहरू नगर स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद पेटोल पंप संचालकों में भय व्याप्त है।

दिल्ली-मेरठ रोड पर बंसतपुर सैंतली गांव के पास राधेश्याम का भारत-पेट्रोल पंप है। यहां पर शाहजहांपुर निवासी 46 वर्षीय सर्वेश कुमार गार्ड की नौकरी करता है। रात में करीब साढे 11 बजे तीन-चार बदमाश पैदल ही आए। उन्होंने गार्ड से पानी पीने की बात कही। गार्ड ने उन्हें-पेट्रोल पंप की दूसरी साइड में जाकर पानी पीने का कहा, लेकिन बदमाश वहां जाने के बजाय सर्वेश की बंदूक छीनने लगे। जब सर्वेश में लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी गर्दन में गोली मार दी।

गोली लगते ही सर्वेश नीचे गिर गया और बेहोश हो गया। गोली की आवाज सुनकर-पेट्रोल पंप का अन्य स्टाफ जब तक वहां पहुंचा तब तक बदमाश सर्वेस की लाइसेंसी बंदूक लूटकर फरार हो गए। पेटोल पंप के स्टाफ ने वारदात की सूचना पुलिस को दी और घायल गार्ड को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका उपचार चल रहा है।

चिकित्सकों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मुरादनगर के थाना प्रभारी अमित कुमार मौके पर पहुंचे और घायल गार्ड व अन्य स्टाफ से घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बताया कि घटना की जांच पड़ताल शुरू दी गई है। जल्दी ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Back to top button