दिल्ली-एनसीआर में पिछले काफी समय से जारी उमस और गर्मी से दो दिन से मिली राहत

दिल्ली-एनसीआर (National Capital Region) में पिछले काफी समय से जारी उमस और गर्मी से दो दिन से राहत मिली है। इसकी बड़ी वजह दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादलों की आवाजाही है। ऐसा कुछ दिन और रहने की उम्मीद है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से दिल्ली की हवा में नमी

दिल्ली के आसमान में बादलों के छाने के साथ-साथ मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के पश्चिमी भागों पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र और जम्मू-कश्मीर (Jammu & Kashmir) के उत्तरी हिस्सों से आगे निकल रहे कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (western disturbances) के कारण दिल्ली की हवाओं में भी नमी है। इसी वजह से मौसम में यह बदलाव आया है।

आने वाले दिनों में हल्की बारिश के आसार

उधर, मानसून ट्रफ उत्तरी राजस्थान से होकर गुजर रहा है। मानसून ट्रफ और अन्य दोनों मौसमी सिस्टमों के कारण दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना भी बन रही है। अगले 48 घंटों तक दिल्ली-एनसीआर की हवाओं में नमी अधिक बनी रहेगी। शुक्रवार को भी दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों में सामान्यतया बादल छाए रहेंगे। बादलों की गर्जना के साथ बहुत हल्की बारिश होने की भी संभावना है।

वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) का कहना है कि अभी पूर्वी हवाएं चल रही हैं। इससे उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। मौसम में बदलाव की संभावना अक्टूबर के उत्तरार्ध तक ही की जानी चाहिए, इससे पहले नहीं। तब हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी या पश्चिमी हो जाएगी। इन हवाओं में ठंडक व नमी दोनों ही होती है। इन्हीं के प्रभाव से तापमान में धीरे-धीरे कमी आनी शुरू होगी।

उधर, मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच बृहस्पतिवार को दिल्ली का मौसम थोड़ा बदला नजर आया। बादलों की आवाजाही ने न सिर्फ उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई, बल्कि धूप की तल्खी भी कम की। तापमान में भी आंशिक गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

उमसभरी गर्मी से रही राहत, धूप की तल्खी में भी थी नरमी

सूरज बृहस्पतिवार को यूं तो सुबह ही निकल गया था, लेकिन बादलों और सूरज के बीच दिनभर लुकाछिपी चलती रही। इससे दिल्ली वासियों को अपेक्षाकृत राहत का अनुभव हुआ। कई बार तो मौसम में बदलाव की आहट भी महसूस हुई, शायद इसीलिए अधिकतम तापमान, जो सामान्य से तीन- चार डिग्री तक अधिक चल रहा था।

सामान्य से दो डिग्री कम दर्ज किया गया अधिकतम तापमान

बृहस्पतिवार को सामान्य से दो डिग्री कम 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान, जो 28 से 29 डिग्री तक चल रहा था, बृहस्पतिवार को सामान्य स्तर पर 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 62 से 87 फीसद रिकार्ड किया गया। पालम में हल्की बारिश भी हुई।

वहीं, स्काईमेट वेदर के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली और एनसीआर में मौसम ने कुछ करवट ली है। एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना के साथ हल्की बारिश हुई है तो कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई है।

Back to top button