आगामी तीन महीनों में देश में भीषण गर्मी पड़ने लगेगी- मौसम विभाग

मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी तीन महीने यानी मार्च, अप्रैल और मई में भीषण गर्मी पड़ेगी। पूर्वी, मध्य और उत्तर-पूर्वी भारत के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। मार्च में लू चलने लगेगी, लेकिन उत्तर पश्चिमी भारत सहित देश के अन्य भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम ही बने रहने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में आज बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

दिल्ली में हुई हल्की बारिश

राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह तेज हवा के साथ हल्की बारिश भी हुई, लेकिन गर्मी में कोई कमी नहीं आई। अधिकतम तापमान जहां सामान्य से छह डिग्री ज्यादा रहा, वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।

सामान्य से छह डिग्री ज्यादा रहा तापमान

दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा रहा। यह इस सीजन का सर्वाधिक है। इससे पहले 2017 में एक मार्च को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग ने लोगों को धूप में न निकलने की दी सलाह

मौसम विभाग ने गर्मी से उत्पन्न बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को सलाह दी है कि वे उच्च प्रोटीन युक्त भोजन न करें और दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच धूप में न निकलें। हवादार जगहों पर रहें। विभाग ने प्यास नहीं लगने पर भी लोगों को पर्याप्त पानी पीने की नसीहत दी है।

108 या 102 पर करें कॉल

मौसम विभाग ने लोगों से रेडियो सुनने, अखबार पढ़ने और टीवी देखने को भी कहा है, ताकि स्थानीय मौसम का पता चलता रहे। विभाग ने कहा कि अगर किसी के शरीर का तापमान बहुत अधिक दिखे और उसे पसीना आना बंद हो गया है तो तुरंत 108/102 पर काल करें।

लू से बचने के उपाय

  • समय-समय पर ओआरएस पिएं।
  • घर में बने पेय पदार्थों जैसे-नींबू पानी, बटर मिल्क, लस्सी, फलों का जूस आदि का सेवन करें।
  • तरबूज, खीरा, नींबू और संतरा जैसे ताजे फलों का सेवन करें।
  • पतला, ढीला और सूती कपड़े पहनें।
  • हल्के रंग के कपड़ों को तरजीह दें।
  • धूप से बचने के लिए छाता या टोपी का इस्तेमाल करें।
  • दिन के समय सूरज की दिशा वाले खिड़कियों और दरवाजों को बंद रखें। इन्हें रात के समय खोलें, ताकि ताजा हवा आ सके।
  • बाहरी गतिविधियों को कम करें। बहुत जरूरी होने पर सुबह और शाम के समय घर से निकलें।

गर्मी ने तोड़ा रिकार्ड

फरवरी में इस बार गर्मी ने नया रिकार्ड बना दिया है। यह महीना 146 साल यानी 1877 के बाद देश भर में सर्वाधिक गर्म रहा। फरवरी का औसत अधिकतम तापमान (29.54 डिग्री सेल्सियस) अभी तक का सबसे ज्यादा रहा है। वहीं, औसत न्यूनतम तापमान 1901 से लेकर अब तक का पांचवां सर्वाधिक रहा। उधर, दिल्ली में फरवरी में गर्मी ने 17 साल का रिकार्ड तोड़ दिया है।

Back to top button