सोमालिया की राजधानी में हुआ बम विस्फोट, 3 की मौत, कई लोग हुए घायल

सोमालिया की राजधानी मोगादिशू में हुए एक कार बम विस्फोट में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए हैं. आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता अहमद मोहम्मद महमूद ने कहा कि यह विस्फोट शुक्रवार को मोगादिशू के मारा अलमकरामा सड़क के पास स्थित एंबेसडर होटल में हुआ, जहां एक सप्ताह पहले एक घातक हमले में 10 लोगों की जान चली गई थी. महमूद ने कहा, अभी हताहतों की संख्या के बारे में बता पाना जल्दबाजी होगी, लेकिन विस्फोट में कई लोग घायल हुए हैं.
6 लोगों के घायल होने की भी खबर
पुलिस अधिकारी मोहमीद अली ने कहा कि यह विस्फोट स्थानीय समयानुसार शाम सात बजे हुआ. अली ने कहा, अब तक तीन लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि छह अन्य घायल हैं. सुरक्षा बल अधिक जानकारी जुटाने के लिए घटनास्थल की तलाशी कर रहे हैं. सुरक्षा बल सड़कों पर आने-जाने वाले वाहनों को रोककर उनकी तलाशी कर रहे हैं. घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी शिरे नूर ने बताया कि विस्फोट बहुत तेज था.
किसी आतंकी समूह ने नहीं ली है जिम्मेदारी
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, विस्फोट बहरा कर देने वाला था. मेरा घर हिल उठा और हमने सुना कि यह ट्री बियानो इलाके में था. सुरक्षा बलों ने घटनास्थल को घेर लिया है, और एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पतालों में पहुंचाया गया है. अभी तक किसी आतंकवादी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.





