सीतापुर में खुला विकास भवन, बनाई गई हेल्प डेस्क, आवाजाही पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

सीतापुर। डीपीआरओ के कोरोना पाॅजीटिव पाने के बाद सील किया गया विकास भवन कैंपस गुरुवार को खोल दिया गया है। हालांकि अब यहां आने-जाने पर पूर्णतया पाबंदी रहेगी। विकास भवन के बाहर फरियादियों के लिए एक हेल्प डेस्क बनाई गई है, जहां उनकी शिकायतें दर्ज की जाएंगी और उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा। डीएम ने अन्य विभागों को भी यह गाइड लाइन अपनाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि बीते दिनों जिला पंचायत राज अधिकारी के पाॅजीटिव पाए जाने के बाद विकास भवन को पूर्णतया सील कर दिया गया था। इन दो दिनों में विकास भवन के समूचे कैंपस को कई चरणों में सेनेटाइज किया गया। तमाम सुरक्षा उपायों को पूरा करने के बाद गुरुवार को विकास भवन खोल दिया गया है। हालांकि अब विकास भवन कैंपस में हर व्यक्ति का जाना संभव नहीं होगा। फरियादियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े इसके लिए विकास भवन के बाहर हेल्प डेस्क बनवाई गई है।
डीएम अखिलेश तिवारी ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को अतिआवश्यक कार्य न होने की स्थिति में विकास भवन में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। फरियादी अपनी शिकायतें हेल्प डेस्क पर दर्ज करा सकते हैं और आश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों के अधिकारियों, पटल सहायकों को वीडियो काॅल के माध्यम से भी अपनी समस्या बता सकते हैं। निस्तारण न होने की स्थिति में उनके सीयूजी नंबर या मुख्य विकास अधिकारी के नंबर पर भी फोन या वाॅट्सएप के माध्यम से शिकायत कर सकते हैं। डीएम ने स्पष्ट आदेश दिया है कि यह व्यवस्था अन्य सरकारी दफ्तरों में भी लागू की जाए। ताकि कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।





