सीतापुर के अस्पतालों में चल रही गड़बड़ियों पर डीएम का आदेश, बोले-मरीजों को न हो दिक्कत

सीतापुर: क्वारंटीन सेंटर्स और एल वन हाॅस्पिटल से लगातार आ रही शिकायतों के मद्देनजर डीएम अखिलेश तिवारी ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है। डीएम ने आंख अस्पताल में बने क्वारंटीन सेंटर और एक साथ 19 मरीज मिलने के बाद एटीसी परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने सीएमओ को क्वारंटीन सेंटर्स और एल वन हाॅस्पिटल में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के आदेश दिए। साथ ही ईओ को सड़कों के गड्ढ़े और सफाई व्यवस्था चाक-चैबंद करने के आदेश दिए है।
डीएम अखिलेश तिवारी सबसे पहले आंख अस्पताल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। यहां डीएम ने ईओ नगर पालिका गुरुप्रसाद पांडेय को सड़कों के गड्ढ़े भरने के साथ सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए। साथ ही सीएमओ को निर्देशित किया कि सभी क्वारंटीन सेंटर और एल वन हाॅस्पिटल पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं। मरीजों की संख्या बढ़ने पर उन्हें किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इसके बाद डीएम ने एपीटीसी परिसर का निरीक्षण किया और वहां अब तक पाॅजीटिव पाए गए मरीजों के संबंध में विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। डीएम ने कहा कि सभी पाॅजीटिव पाए गए मरीजों के संपर्कियों को चिन्हित कर लिया जाए और जल्द से जल्द उनकी जांच कराना सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इनसेट
एमजे पैलेस पर डीएम ने जारी किया बयान
डीएम ने एमजे पैलेस का वीडियो वायरल होने के संबंध में कहा कि कोविड संक्रमित लक्षणविहीन रोगियों के लिए यहां मरीजों को भर्ती करने की व्यवस्था की गई है। ऐसे लोग जो बेहतर सुविधाएं चाहते हैं एवं व्यय करने की क्षमता रखते हैं, उन्हें यहां सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। एक कक्ष में 2 मरीजों के क्वारंटीन रहने पर 800 रुपये प्रति व्यक्ति प्रतिदिन भोजन सहित देना होगा। जबकि एक कक्ष में एक मरीज क्वारंटीन रहने पर भोजन खर्च सहित प्रतिदिन 1600 रुपए देना होगा। डॉरमेटरी में क्वारंटीन रहने पर 600 रुपये प्रति बेड प्रतिदिन भोजन सहित देय होगा। इसके अतिरिक्त इलाज के लिए दो हजार रुपये एकमुश्त देना होगा।
डीएम की अपील घर पर रहें लोग
डीएम ने कहा कि जिस प्रकार कोरोना वायरस के मामले हमारे आसपास तेजी से मिल रहे हैं, ऐसी स्थिति में हम सभी को अधिक सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने अपील की है कि लोग घरों में ही रहें। अत्यंत आवश्यकता होने पर ही बाहर निकलें। बाहर निकलते समय फेसकवर या मास्क का प्रयोग अवश्य करें। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखे। हाथों को बार-बार साबुन से धोएं या हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग करें। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें एवं कोई भी लक्षण होने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करते हुए जांच कराएं।





