सिद्धू ने करतारपुर जाने के लिए विदेश मंत्री जयशंकर को नई चिठी भेजी

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू 9 नवंबर को करतारपुर कोरिडोर के रास्ते पाकिस्तान जाएंगे. सिद्धू सुबह 9.30 बजे कोरिडोर से डेरा बाबा नानक से करतारपुर साहिब गुरुद्वारा पहुँचेंगे. बाबा नानक साहिब के दर्शन करने के बाद वो वहां लंगर सेवा करेंगे. पाकिस्तान में सिद्धू इमरान खान के स्वागत कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. दोपहर तीन बजे इमरान खान का कार्यक्रम ख़त्म होगा उसके बाद शाम को नवजोत सिद्धू कोरिडोर के रास्ते वापस भारत आएँगे.

सिद्धू ने करतारपुर जाने के लिए विदेश मंत्री जयशंकर को नई चिठी भेजी है. सिद्धू ने कहा कि अभी पाकिस्तान का वीज़ा नहीं है. कॉरिडोर के रास्ते जाने चाहते हैं लेकिन ऐसा ना हुआ तो 8 तारीख़ को अटारी से लाहौर जाएँगे. इसके बाद अगले दिन करतारपुर माथा टेककर 9 नवंबर को भारत वापस आएंगे. सिद्धू को लगता है कि केंद्र से कोई अड़ंगा ना लगे इसलिए करतारपुर जाने के लिए अपनी पहली और दूसरी पसंद विदेश मंत्री के सामने रखी है.

इसके साथ ही सिद्धू मनमोहन सिंह और पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ 9 नवंबर को कॉरिडोर से जा रहे 575 लोगों के सियासी जत्थे में शामिल नहीं होंगे. सिद्धू संगत के साथ अकेले करतारपुर जाना चाहते है.

गौरतलब है कि 9 नवम्बर को जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीमा के इस तरफ डेरा बाबा नानक पर करतारपुर गलियारे के लिए बने नए पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगे. वहीं पाकिस्तान ने प्रधानमंत्री इमरान खान करतारपुर साहिब गुरुद्वारे के लिए बनी सुविधाओं का स्वागत करेंगे.

Back to top button