सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला ने कर ली…

पानीपत। पूंडरी थाने में कैथल के बधनारा निवासी रोहताश और करनाल के गांव कुचपुरा निवासी जगदीश के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत देने वाली महिला का शव कुचपुरा गांव के बस अड्डे के पास मिला। शव के पास ही कीटनाशक की शीशी भी मिली है। वहीं हनी ट्रैप के मास्टरमाइंड नीलकंठ ने भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे कैथल के शाह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जाता है कि नीलकंठ शुक्रवार सुबह इस महिला के साथ बाइक पर करनाल के निसिंग से गुजरा था। निसिंग पुलिस थाने में नीलकंठ पर अपहरण के प्रयास और धोखाधड़ी का केस दर्ज है। पूंडरी पुलिस ने नीलकंठ के बयान दर्ज कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे निसिंग के कुचपुरा स्थित बस अड्डे के पास पंचायती जमीन में बने बिटोड़ों में एक महिला का शव मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीवान सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला के पास मिले मोबाइल की डायल किए गए फोन नंबरों पर संपर्क किया तो उसकी पहचान हो सकी। महिला के शव के पास कीटनाशक की शीशी भी पड़ी थी।
9 जून को हुआ था केस दर्ज
9 जून को थाना पूंडरी में महिला ने शिकायत दी थी कि करीब एक माह पहले वह निसिंग सिविल अस्पताल में उसे बदनारा निवासी रोहताश मिला। रोहताश ने बताया कि वह उसे निसिंग मंडी में काम दिलवा देगा। इसके बाद 6 जून को रोहताश ने उसे काम दिलवाने के लिए फोन कर पूंडरी बस स्टैंड पर मिलने के लिए बुलाया। महिला वहां पहुंची तो उसे रोहताश व जगदीश मिले। दोनों उसे गाड़ी में बैठाकर और उसे फतेहपुर की तरफ जानी वाली सड़क पर ले गए। आरोप है कि वहां उन्होंने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उससे दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया था।





