सनी देयोल ने कहा कि वह जीतने के बाद तारीख पर तारीख नहीं देंगे वह सीधे जनता का काम करेंगे

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की रैली केे बाद पार्टी के होशियापुर संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी अभिनेता सनी देयोल आत्मविश्वास से लबालब नजर आ रहे हैं। सनी सोमवार को अपने प्रचार अभियान के तह पठानकोट में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से मिलने पहुंचे। सनी ने कहा कि वह जीतने के बाद तारीख पर तारीख नहीं देंगे वह सीधे जनता का काम करेंगे। 

सनी ने कहा कि वह निजी तौर पर ऐसे नहीं हैं कि किसी से लडाई झगड़ा करें। राजनीति में काम करने आए हैं और सारे वादे पूरे करेंगे। वह अपने और आम लोगों को बीच कभी कोई दीवार नहीं बनने देंगे। मौके पर सनी ने वकीलों से चुनाव में समर्थन मांगा और जिताने की अपील की।

सनी देयोल शाह की रैली के बाद कान्फिडेंट नजर आ रहे हैं। गत दिवस मंच पर भी सेहत ठीक न होने के बावजूद वह भरपूर जोश में नजर आए। उन्होंने कहा कि उनके ढाई किलो के हाथ की ताकत आम लोग हैं। पांच मिनट का भाषण आम लोगों से जुड़ा रहा। 

सनी ने कहा कि वह गुरदासपुर के बेटे की तरह हैं, इसलिए सभी उनका साथ दें, वह यहां पर काम करने आए हैं। उन्हें अपने दौरे के दौरान क्षेत्र की समस्याओं के बारे में जानने का मौका मिला है। वह सांसद बनकर रेलवे फाटक से लेकर किसानों, युवाओं की समस्याओं को दूर करेंगे। क्षेत्र के लिए विकास में कोई बाधा नहीं आने देंगे। उनकी इच्छा है कि पंजाब सबसे आगे हो। इसके लिए सभी के साथ मिलकर काम करेंगे। लोग उनके पास आकर अपनी समस्याएं भी बता सकते हैं। काम को लेकर उन्हें किसी की परवाह नहीं है। उनकी आज सेहत ठीक नहीं है पर जनता के प्यार से वह अभिभूत हैं। कहा कि टीम वर्क की तरह काम करेंगे। वह गुरदासपुर की वल्ले-वल्ले करेंगे।

Back to top button