सगाई के 2 दिन बाद सड़क हादसे में हुई युवक की मौत, तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर

भोपाल। सोमवार सुबह परवलिया रोड पर हुए सड़क हादसे में एक इंजीनियर की मौत हो गई। 29 वर्षीय इंजीनियर अभिषेक जैन पुत्र अरविंद कुमार जैन की दो दिन पहले (10 जून) ही सगाई हुई थी। हादसे के वक्त अभिषेक अपनी पल्सर बाइक (MP-04, MR-9018) से कॉलेज जा रहा था, उसी दौरान वह तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गया।
सगाई के 2 दिन बाद सड़क हादसे में हुई युवक की मौत, तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार-अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक मूलतः सागर स्थित गोपालगंज का रहने वाला था। भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में वह किराए के मकान में रहता था। परवलिया रोड स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ एरोनॉटिक्स एंड इंजीनियरिंग में जॉब करता था। सोमवार सुबह 9.30 बजे के आस-पास वह कॉलेज जा रहा था उसी वक्त किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही अभिषेक की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े: कांग्रेस का पलटवार, BJP और RSS के असंतुष्टों ने भड़काया आंदोलन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस ने रौंदा
हादसे के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अभिषेक अपनी बाइक लेकर कॉलेज की तरफ जा रहा था। उसी वक्त नरसिंहगढ़ की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उसे रौंद दिया। हादसा कॉलेज के 1 किमी पहले ही हुआ था।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा कॉलेज स्टाफ
हादसे की सूचना मिलते ही कॉलेज स्टाफ मौके पर पहुंच गया। उन्होंने चक्काजाम करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि, यूं तो पुलिस पूरे शहर में वाहन चैकिंग अभियान चला रही है। लेकिन, उन्हें यही नहीं पता कि सुबह 9.30 परवलिया सड़क से कौन-कौन सी बस गुजरती है। पुलिस अपनी लापरवाही छिपाने के लिए एक्सीडेंट करने वाले वाहन को अज्ञात बता रही है।
 
दो पहले ही हुई थी सगाई
अभिषेक के दोस्तों से मिली जानकारी के अनुसार 10 जून को ही अभिषेक की सगाई हुई थी। शनिवार को सागर में हुई सगाई के बाद वह रविवार देर शाम को ही भोपाल पहुंचा था और सोमवार को अपने समय पर कॉलेज जा रहा था। फिलहाल अभिषेक के शव को पीएम के लिए भेज उसके परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।
Back to top button