श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व: चार दिशाओं से निकाली जाएगी यात्रा

गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व पर पंजाब में आस्था का बड़ा संगम देखने को मिलेगा। चार दिशाओं से निकलने वाली विशाल शोभायात्राएं गुरु जी की शिक्षाओं का संदेश लेकर खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी। 4 से 6 दिसंबर तक होने वाले भव्य समागम में देश-विदेश से संगत के जुटने की उम्मीद है।
पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को अत्यंत श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाने की तैयारी कर रही है। इस अवसर पर राज्य भर में विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
चार विशाल शोभायात्राओं का आयोजन
श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब सरकार की ओर से चार विशाल शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इन शोभायात्राओं का उद्देश्य गुरु जी की शाश्वत शिक्षाओं और क्रांतिकारी दर्शन को जन-जन तक पहुंचाना है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब सरकार का एक प्रतिनिधिमंडल कल बनारस के सीर गोवर्धनपुर में शोभायात्रा के आगाज के लिए पहुंचा। ये शोभायात्राएं अलग-अलग दिशाओं से शुरू होकर श्री खुरालगढ़ साहिब में पहुंचेंगी।
खुरालगढ़ में मुख्य समागम
पंजाब सरकार द्वारा 4 से 6 दिसंबर 2026 तक श्री खुरालगढ़ साहिब में मुख्य समागम आयोजित किए जा रहे हैं। इन समागमों में दुनिया भर से आने वाली संगत पूरी श्रद्धा और सुविधा के साथ भाग ले सके, इसके लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे।





