शराब पीकर चोरों ने की चोरी के बाद वहीं आ गई नींद, सुबह उठे तो पहुंच गए जेल

सेक्टर-38 स्थित गुरूद्वारा के अंदर बनी क्लीनिक में ताला तोड़कर दो चोर घुस गए। दोनों ने वहां इत्मीनान से चोरी की और उसके बाद जो हुआ उससे पकड़ में आ गए। दरअसल, दोनों ने जमकर शराब पी हुई थी। चोरी करने के बाद दोनों वहीं सो गए। सुबह जब सेवादार पहुुंचा तो उसने सामान बिखरा देखा। दोनों बेसुध सोए हुए थे। उसकी सूचना पर पुलिस पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 
मलोया थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों को आईपीसी की धारा 380, 457, 411 व 34 के तहत गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों की पहचान लुधियाना, गांव सलौदी निवासी दलजीत सिंह और जगदीप सिंह के तौर पर हुई हैं। दोनों को पुलिस रविवार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर रिमांड में लेगी।
सेक्टर-38 स्थित गुरूद्वारा में एक क्लीनिक बनी हुई है। रोजाना की तरह रात क्लीनिक लॉक कर सेवादार चले गए थे। शनिवार सुबह करीब 8 बजे क्लीनिक खोलने गए तो दरवाजा खुला हुआ था। क्लीनिक के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और एक तरफ कोने में दोनों आरोपित सो रहे थे। जिसके बाद तुरंत सेवादारों ने बाहर से दरवाजे की कुंडी बंदकर पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दे दी। वहां पहुंचे मलोया थाना प्रभारी मलकित सिंह
ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के जेब से क्लीनिक के कैश बाक्स से चोरी 1500 रूपये कैश और दस्तावेज बरामद कर लिया।
मेडिकल में ज्यादा शराब पीने की पुष्टि
मलोया थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों को जीएमएसएच-16 में लेकर गई। वहां आरोपितों के मेडिकल रिपोर्ट में ज्यादा मात्रा में शराब पीने का खुलासा हुआ। सुबह मेडिकल करवाते समय भी आरोपितों का नशा कम नहीं हुआ था, जिसके कारण पुलिस को उनके देर शाम बयान दर्ज करना पड़ा।
वारदात की कहानी, आरोपितों की जुबानी
क्लीनिक में लगा सीसीटीवी चेक करने पर पता चला कि दोनों आरोपित शुक्रवार रात दो बजे के करीब गुरूद्वारा क्लीनिक का ताला तोड़कर अंदर घुसे थे। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें शराब पीकर चोरी करने की आदत है। वे बाहर से शराब पीकर गुरूद्वारा क्लीनिक में चोरी करने घुसे थे, लेकिन चोरी करने के बाद दोनों को नींद आ गई।





