लो कर लो बात! अब एंटी रोमियो स्क्वॉड की दरोगा से हो गई छेड़छाड़

योगी सरकार आने के बाद यूपी में अभी तलक मनचलो की छुट्टी करने जैसे बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे लेकिन एंटी रोमियो अभियान की हकीकत धरातल पर शनिवार को सबके सामने आ गई। 

महिला दरोगा शनिवार देर शाम उन्नाव शहर कोतवाली के पास गांधी नगर तिराहे पर वाहन का इंतजार कर रही थीं। वह वर्दी में नहीं थीं। इसी दौरान एक बाइक से आए तीन युवक उन पर फब्तियां कसने लगे। बाइक चला रहे युवक ने उनके मुंह पर सिगरेट का धुआं फूंक दिया। दरोगा के विरोध करने पर उसके साथी भी यही हरकत करने लगे। महिला दरोगा ने शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी और मनचलों को दबोचकर पिटाई शुरू कर दी।
इस बीच आई कोतवाली पुलिस ने दो मनचलों को पकड़ लिया। एक भाग निकला। गिरफ्तार मनचलों में शहर के मोहल्ला पीडी नगर निवासी अजय और आदर्श नगर निवासी अंकुश हैं। फरार आरोपी इंद्रानगर का संजय है। शहर कोतवाली में तीनों के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एएसपी आरएस गौतम ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। तीनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





