रॉबर्ट वाड्रा ED के सामने पहुंचे, मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में होगी पूछताछ

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पूछताछ के लिए पहुंच गए हैं। यह पूछताछ मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में होगी। रॉबर्ट वाड्रा से लंदन की संपत्ति को लेकर ईडी पूछताछ कर सकती है।
इसके अलावा दिल्ली एनसीआर और बीकानेर में जमीन हथियाने और विदेश में संपत्तियां खरीदने के मामले में भी पूछताछ होगी। इससे पहले वाड्रा अबतक 12 बार ईडी के सामने पेश हो चुके हैं।
उधर, प्रवर्तन निदेशालय ने रॉबर्ट वाड्रा मामले की जांच कर रहे अधिकारी राजीव शर्मा( Investigating Officer) को बदल दिया है। राजेश शर्मा इस समय छुट्टी पर हैं। अब वाड्रा से जुड़े मामले की जांच महेश गुप्ता करेंगे।
इससे पहले रॉबर्ट वाड्रा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पूछताछ के लिए शुक्रवार को उपस्थित नहीं हुए थे। प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें दिल्ली एनसीआर एवं बीकानेर में जमीन हथियाने और विदेश में संपत्तियां खरीदने के मामले में पूछताछ के लिए समन भेजा था। इससे पहले ईडी ने वाड्रा से सात घंटे तक पूछताछ की थी।
24 मई को ईडी ने दिल्ली हाई कोर्ट से अनुरोध किया था कि वाड्रा से हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अनुमति दी जाए, ताकि लंदन में 19 लाख पौंड की संपत्ति खरीद में इस्तेमाल धन के स्त्रोत का पता लगाया जा सके और मनी लांड्रिंग में कथित रूप से वाड्रा की मदद करने वाले कुछ लोगों की भूमिका सुनिश्चित हो सके।





