रूस: केर्च जलडमरूमध्य में दो पोतों में लगी आग, 7 भारतीय समेत 11 की मौत

केर्च जलडमरूमध्य में दो पोतों, जिनमें भारतीय, तुर्की और लीबिया के चालक दल सवार थे उसमें आग लगने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है। खबरों के मुताबिक, आग रूसी सीमा के जलक्षेत्र के पास सोमवार को लगी थी। दोनों पोतों पर तंजानिया के ध्वज लहरा रहे थे। इनमें से एक तरलीकृत प्राकृतिक गैस लेकर जा रहा था, जबकि दूसरा टैंकर था।
खबरों के मुताबिक, यह आग तब लगी जब दोनों पोत एक-दूसरे से ईंधन स्थानांतरित कर रहे थे। रूसी संवाद समिति तास ने समुद्री अधिकारियों के हवाले से बताया कि इनमें से एक पोत कैंडी में चालक दल के 17 सदस्य मौजूद थे, जिनमें नौ तुर्की नागरिक एवं आठ भारतीय नागरिक थे, जबकि दूसरे पोत माइस्ट्रो में सात तुर्की नागरिकों, सात भारतीय नागरिकों एवं लीबिया के एक इंटर्न समेत चालक दल के 15 सदस्य सवार थे।
रूसी टेलिविजवन चैनल आरटी न्यूज ने रूसी समुद्री एजेंसी के हवाले से बताया कि कम से कम 11 नाविकों की मौत हुई है। एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि माना जा रहा है कि एक विस्फोट हुआ (एक पोत में)। फिर यह आग दूसरे पोत तक फैल गई। बचाव नौका पहुंचाई जा रही है। प्रवक्ता ने बताया कि करीब तीन दर्जन नाविक नाव से कूद करबच निकल पाने में कामयाब हुए. अब तक 12 लोगों को समुद्र से निकाला जा चुका है। नौ नाविक अब भी लापता हैं।





