रायबरेली हत्याकांड: पीड़ितों के परिजनों ने इस मंत्री पर जांच प्रभावित करने का लगाया आरोप

रायबरेली. कुछ दिन पहले ही रायबरेली के अप्टा में हुए सामूहिक हत्याकांड में मारे गए युवकों के परिजनों से मिलने देवरा पहुंचे बीजेपी प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री किसान मोर्चा दिनेश दुबे ने बताया कि मृत युवकों के परिजनों का कहना है कि यूपी सरकार में मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या जांच को प्रभावित कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि मृतक रोहित शुक्ला के पिता गिरिजाशंकर ने आरोप लगाया है कि स्वामी प्रसाद मौर्य के रहते उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है.
बीजेपी नेता ने इस संबंध में मृतक के परिजनों को आश्वासन दिलाते हुए कहा कि वो सीएम योगी आदित्यनाथ को इस विषय में अवगत कराएँगे और उन्हें पूरी उम्मीद है कि सीएम मामले की जांच जल्द से जल्द और निष्पक्ष तरीके से करवाएंगे. दिनेश मिश्रा ने आगे कहा कि इस मामले में जो भी कोई दोषी होगा उसे सख्त से सख्त सजा दी जाएगी. इसके आलावा उन्होंने मृतकों के परिजनों को सुरक्षा के लिए असलहे के लाइसेंस दिलवाने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि वो सीएम से मिलकर पीड़ितों की सुरक्षा के लिए गार्ड तैनात करने की भी बात कहेंगे.
इसके आलावा दिनेश दुबे ने मृतक अनूप मिश्र और अंकुश मिश्र के बच्चों की पढाई का खर्चा उठाने की बात भी कही. उन्होंने बताया कि इनकी आर्थिक स्थिति काफी ख़राब है इसलिए अंकुर की बेटी तनु को सुकन्या योजना का लाभ दिलाने की बात कही और अनूप के बेटे की पढाई का खर्चा एक सामाजिक संगठन द्वारा उठाने की बात कही. इस दौरान बीजेपी नेता दिनेश दुबे के साथ केशव पाल, देवराज सिंह, पंकज त्रिपाठी और पंकज यादव मौजूद रहे.





