रायबरेली में आज सुबह कुछ दबंगों की ओर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह की कार पर हमला, गाड़ी पलटी

सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में मतदान हो चुका है, लेकिन स्थानीय राजनीति गरमाई हुई है. रायबरेली में आज मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले कांग्रेस विधायक अदिति सिंह की गाड़ी का पीछा किया गया, जिससे विधायक की कार पलट गई और उन्हें गंभीर चोटें आई हैं.

रायबरेली में आज सुबह कुछ दबंगों की ओर से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के काफिले पर पहले बछरावां टोल प्लाजा के पास पथराव के बाद फायरिंग की गई. इस हमले के बाद काफिला तेजी से वहां से निकलने लगा, लेकिन हरचंदपुर थाना क्षेत्र के मोदी स्कूल के करीब उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे उन्हें काफी चोटें आई, बाद में उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया. हम हमले में कई और लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है. विधायक अदिति सिंह के काफिले में 3 गाड़ी पलट गई हैं.

इस हमले के लिए बीजेपी लोकसभा प्रत्याशी दिनेश सिंह के भाई अवधेश सिंह पर शक जताया जा रहा है.कयास लगाए जा रहे हैं कि रायबरेली जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ आज अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होनी थी, और इसके लिए विधायक अदिति सिंह लखनऊ से रायबरेली पहुंच रही थीं, लेकिन इस बीच कुछ हमलावरों ने उनकी कार पर हमला कर दिया और हमले से बचने के चक्कर में उन्होंने कार को भगाने की कोशिश की, लेकिन उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई.कहा जा रहा है कि सिर्फ अदिति सिंह ही नहीं अविश्वास प्रस्ताव के लिए वोटिंग करने जा रहे जिला पंचायत के कई अन्य सदस्यों पर भी अज्ञात लोगों ने फायरिंग की. सदस्यों पर फायरिंग के बाद ही अज्ञात दबंगों ने सदर विधायक अदिति सिंह की गाड़ी का पीछा किया.

स्थानीय सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के दबंग कथित तौर पर विधायक अदिति सिंह पर हमला करने के इरादे से पीछा कर रहे थे. फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.

हादसे की जानकारी मिलते ही अदिति सिंह के पिता और पूर्व विधायक अखिलेश सिंह और पूर्व मंत्री मनोज पांडे समेत क्षेत्र के कई नेता उनका हाल जानने अस्‍पताल पहुंचे.

Back to top button