राजस्‍थान स्‍पीकर को सुप्रीम कोर्ट से झटका, अब हाईकोर्ट के फैसले के बाद होगी सुनवाई

नई दिल्‍ली। राजस्‍थान के सियासी संकट के बीच स्‍पीकर सीपी जोशी को अब सुप्रीम कोर्ट ने झटका दे दिया है। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। अदालत का कहना है कि पहले हाईकोर्ट अपना फैसला दे दे, उसके बाद ही सुप्रीम कोर्ट इस मामले को सुनेगा।

वहीं अब ये साफ है कि शुक्रवार 24 जुलाई को राजस्थान हाईकोर्ट अपना फैसला सुनाएगा। गुरुवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि पहले हाई कोर्ट का फैसला आ जाए, उसके बाद सोमवार को फिर इस मामले की सुनवाई होगी।
इससे पहले राजस्थान विधानसभा स्पीकर की ओर से पेश होते हुए कपिल सिब्बल ने दलील दी थी कि हाई कोर्ट के फैसले को रद्द किया जाए, किसी निर्णय से पहले स्पीकर के मामले में दखल नहीं दिया जा सकता है। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने इस दौरान कहा कि अगर लोग बार-बार चुने जाएंगे और अयोग्य होते रहेंगे, तो लोकतंत्र का क्या होगा।
इसके जवाब में कपिल सिब्बल ने कहा कि हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई की और उसके बाद फैसला दे दिया, हमें फैसले की भाषा पर आपत्ति है।

Back to top button