राजस्थान: रामगढ़ के बीएसपी प्रत्याशी का हुआ निधन, अब 199 सीटों पर होंगे चुनाव

रामगढ़: राजस्थान के अलवर की रामगढ़ विधानसभा सीट से बीएसपी प्रत्याशी का दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है. बहुजन समाज पार्टी से आगामी विधानसभा चुनावों में उतरे लक्ष्मण सिंह का गुरुवार सुबह निधन हो गया. रिपोर्ट के मुताबिक उनका निधन दिल का दौरा पड़ने की वजह से हुआ है. इस पर परिजनों का कहना है कि वह बुधवार देर रात चुनाव प्रचार से स्वस्थ घर लौटे थे. अचानक लक्ष्मण सिंह के निधन से उनके परिजनों और समर्थकों में शोक की लहर है. 
लक्ष्मण सिंह की मौत के बाद इस मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिपोर्ट मांगी है. निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक इस रिपोर्ट को चुनाव आयोग को भेजा जाएगा और इसके आधार पर रामगढ़ में विधानसभा चुनावों को स्थगित किया जाएगा. आपको बता दें, बीएसपी ने इन चुनावों में किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं किया है. बीएसपी अकेले अपने दम पर इन चुनावों में उतरी है. बीएसपी ने इस बार चुनावों में 200 सीटों में से 192 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं.
गौरतलब है कि बीजेपी द्वारा इस सीट से सुखविंदर सिंह को मौका दिया गया है. वहीं कांग्रेस द्वारा रामगढ़ से साफिया खान को चुनावी मैदान में उतारा गया है. हालांकि, इस सीट पर बीजेपी द्वारा पहली बार सुखविंदर सिंह को उतारा गया है. उससे पहले इस सीट से ज्ञानदेव आहूजा को टिकट मिला था और उन्होंने जीत भी दर्ज की थी लेकिन इस बार पार्टी ने उनका टिकट काट, यहां से सुखविंदर सिंह को मौका दिया गया लेकिन फिलहाल के लिए इस विधानसभा पर चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं.





