राजनाथ की अपील, पाकिस्तान के बहकावे में न आएं जम्मू कश्मीर के युवा

नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर के युवाओं से अपील की है कि वह पाकिस्तान के बहकावे में न आए और राज्य और देश के विकास के लिए काम करें।
उन्होंने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह अब सोशल मीडिया के जरिए जम्मू कश्मीर के लोगों और खासकर युवाओं को भड़का रहा है। पाकिस्तान राज्य में लगातार अनिश्चित्ता फैलाने की लगातार कोशिश कर रहा है। उन्होंने यह बातें केरल में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जाते समय विशेष विमान में कहीं।
राजनाथ का कहना था कि जम्मू कश्मीर में फैलाए जा रहे पाकिस्तान के प्रायोजित आंतंकवाद से सुरक्षाबल अपने तरीके से निपट रहे हैं, वह इसमें पूरी तरह से सक्षम हैं और उन्हें सरकार की तरफ से इसपर काबू पाने को लेकर पूरी छूट दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू कश्मीर के लोग अब यह बात समझने लगे हैं कि पाकिस्तान के प्रायोजित आतंकवाद केवल इस्लाम की छवि को खराब कर रहा है। वहीं सुरक्षाबलों द्वारा उठाए जा रहे कदमों का पूरा देश समर्थन करता है और पूरा देश उनके साथ है। सुरक्षाबल वहां पर आतंकवाद से निपटने के लिए पूरी तरह से मुस्तैद हैं।
जम्मू कश्मीर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान वादी में आतंकवाद फैला कर लोगों में दहशत व्याप्त करना चाहता है। उसकी पूरी कोशिश है कि वहां पर अव्यवस्था फैलाने में वह कामयाब हो जाए। लेकिन अब इसको देखते हुए भारत सरकार और वहां मौजूद सुरक्षाबलों की नीति में भी बदलाव आ चुका है।
लिहाजा भारत भी उन्हें इसी तरह से जवाब दे भी रहा है। उनका था कि जम्मू कश्मीर के कुछ युवा जरूर पाकिस्तान की सेना के बहकावे में आए हुए हैं। इसका ही असर है कि आतंकियों को पकड़ने जाने वाले सुरक्षाबलों पर यह लोग मिलकर पत्थर फैंकते हैं और उनके काम में बाधा पहुंचाते हैं।
उन्होंने कहा कि वादी में फैले आतंकवाद से जिस तरह से निपटना चाहिए उससे उसी तरह से निपटा भी जा रहा है। उनका कहना था कि पाकिस्तान सोशल मीडिया के माध्यम से जम्मू कश्मीर के युवाओं को भारत के खिलाफ भड़का रहा है, जो लोग उसके बहकावे में आ जाते हैं वही सुरक्षाबलों के ऊपर पत्थर फैंकते हैं।
इससे पहले जम्मू कश्मीर के डीजीपी एसपी वैद्य ने भी इसी तरह का बयान दिया था। उनका कहना था कि पत्थरबाजों के पीछे पाकिस्तान की साजिश काम कर रही है। इसके लिए वह पूरी तरह से जिम्मेदार है। उसके बहकावे में आकर यहां के युवा सुरक्षाबलों पर पत्थर फैंक रहे हैं।





