यूपी: संगम नगरी से मोदी शुरू करेंगे बीजेपी का चुनावी अभियान

bjp-national-meeting_1458531574असम के बाद यूपी का मजबूत किला फतह करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भारतीय जनता पार्टी के सभी दिग्गज इलाहाबाद से अपना चुनावी बिगुल फूंकने जा रहे हैं। यहां 12 एवं 13 जून को भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है।
इसमें पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र में पार्टी के सभी मंत्री समेत अन्य पदाधिकारी शिरकत करेंगे। देश आजाद होने के बाद यह पहला मौका होगा जब इलाहाबाद में किसी राष्ट्रीय दल की कार्यकारिणी की बैठक होने जा रही है।

भाजपा के लिए उत्तर प्रदेश काफी अहम है। केंद्र में दो साल पूरा करने के बाद भाजपा का पूरा ध्यान अगले साल यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव पर है। सो पार्टी संगठन ने अभी से ही यूपी में चुनावी माहौल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए इलाहाबाद में 12 एवं 13 जून को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की जा रही है।

दो दिन चलने वाली यह बैठक केपी कालेज ग्राउंड में होगी। बैठक में यूपी के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा भी संभव है। बैठक के समापन पर परेड ग्राउंड में एक जनसभा भी प्रस्तावित है। जनसभा में पीएम मोदी, अमित शाह एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के शिरकत करने की बात कही जा रही है।

Back to top button