यूपी में कोरोना ने मचाया कोहराम, एक दिन में इतने केस ने तोड़े सारे रिकॉर्ड…

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामलों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश में आज एक दिन में सर्वाधिक 6700 मामले सामने आए हैं। इससे पहले शुक्रवार को यूपी में पहली बार सितंबर के महीने में 6000 से अधिक मामले दर्ज हुए थे। वहीं राज्य में 30 अगस्त को सर्वाधिक 6233 नए केस सामने आए थे। हालांकि शनिवार को संक्रमण के नए मामलों ने सारे रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिए हैं।

उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को बताया कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 6692 नए प्रकरण सामने आए हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या अब 2 लाख 59 हजार 765 हो गई है। प्रसाद ने बताया कि कुल मामलों में से अभी तक 1 लाख 95 हजार 959 मरीज इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट फिलहाल 75.43 प्रतिशत है। राज्य में अभी तक कोरोना के कारण 3843 लोगों की मौत हुई है और केस फैटालिटी रेट 1.47 प्रतिशत है।

50 प्रतिशत से अधिक लोग होम आइसोलेशन में

अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि उत्तर प्रदेश में फिलहाल कोरोना के 59 हजार 963 सक्रिय मामले हैं। इसमें से 30 हजार 848 लोग होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 50 प्रतिशत से अधिक लोग फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं। अमित मोहन प्रसाद ने अपील की कि होम आइसोलेशन में रह रहे लोग अपना खास ध्यान रखें और थर्मामीटर व ऑक्सीमीटर से अपनी जांच करते रहें। स्थिति बिगड़ने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दें ताकि उनका उचित इलाज हो सके।

Back to top button