यूपी चुनाव: एक बजे तक 39 फीसदी वोटिंग, सभी दलों ने किए जीत के दावे

यूपी में तीसरे चरण के लिए मतदान चल रहा है। अब तक यहां 12 फीसद वोट डाले जा चुके हैं। रामगोपाल यादव ने सैफई में, मायावती और राजनाथ सिंह ने लखनऊ में अपना वोट डाला।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के 12 जिलों की 69 सीटों पर शुरू हो गया। मतदान की अवधि सुबह सात से शाम पांच बजे तक है। सुबह 11 बजे तक करीब 24 फीसद वोटिंग हुई है। मतदान के शुरुआती दौर में ही बसपा सुप्रिमो मायावती ने लखनऊ में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद उन्होंने अपनी पार्टी की जीत का दावा भी किया। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में वोट डाला। उन्होंने अपनी पार्टी की जीत का दावा भी किया। मुलायम सिंह यादव ने भी सैफई में अपना वोट डाला।

नेताओं ने किया जीत का दावा
इन दोनों ही नेताओं ने जहां अपनी जीत का दावा किया वहीं लोगों से अपील की कि वह अधिक से अधिक संख्या में आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। सूबे के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सैफई में वोट डाला। उन्होंने कहा कि यूपी की खुशहाली के लिए उन्होंने अपना वोट दिया है। यूपी के सीएम ने कहा कि हाथ का साथ मिलने के बाद राज्य में साइकिल की रफ्तार बढ़ी है।
दिग्गजों ने डाला वोट
मुलायम सिंह यादव के भाई अभयराम यादव ने सैफई में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि राज्य में दोबारा सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि परिवार में कोई विवाद नहीं है, सब ठीक है। वहीं प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने भी परिवार और पार्टी में सब कुछ ठीक होने का दावा किया है। उन्होंने सैफई में ही अपना वोट डाला और तीन सौ से अधिक सीटें जीतने जाने का दावा किया है।
इन्होंने भी डाला वोट
लखनऊ कैंट से भाजपा प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी ने भी मतदान कर दिया है। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह की भावुक अपील से यह साफ हो गया है कि अपर्णा यादव चुनाव हार रही हैं। इसके साथ भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी लखनऊ में अपना वोट डाल दिया है। प्रतीक यादव ने सैफई और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री प्रकाश जायसवाल ने कानपुर में अपना वोट डाला।
इसके अलावा पंकज सिंह ने भी लखनऊ में ही अपना वोट डाला। उमा भारती और कलराज मिश्र ने भी लखनऊ में ही अपना वोट डाला। इटावा के जसवंतनगर से अपनी किस्मत आजमा रहे शिवपाल यादव के काफिले पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। हालांकि इसमें उन्हें कोई चोट नहीं लगी। यह लोग पूर्व में सपा में हुए संग्राम का विरोध कर रहे थे। हालांकि प्रशासन ने इस तरह के पथराव से साफ इंकार किया है। उन्नाव के गदर खेड़ा में साक्षी महाराज ने अपना वोट डाला।
ईवीएम में गड़बड़ी
हरदोई के बूथ नंबर 175 में ईवीएम में दिक्कत आने की वजह से कुछ विलंब से मतदान शुरू हुआ है। वहीं फर्रुखाबाद के बूथ नंबर 191 पर बूथ नंबर 191 में भी ईवीएम में दिक्कत आई है।
2.41 करोड़ मतदाता करेंगे फैसला
तीसरे चरण में 2.41 करोड़ मतदाता अपने वोट के जरिये 826 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 18 से 19 वर्ष के 4.1 लाख मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शांतिपूर्वक, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के लिए सुरक्षा के भरपूर इंतजाम किए गए हैं। शनिवार शाम तक ज्यादातर बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच चुकी थीं। पिछले विधानसभा चुनाव में तीसरे चरण वाले जिलों में औसत 59.96 फीसद मतदान हुआ था।
3618 बूथ अति संवेदनशील मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी.वेंकटेश ने बताया कि तीसरे चरण में जिन 12 जिलों में मतदान होना है, उनमें 16,671 मतदान केंद्रों के 25,607 पोलिंग बूथों पर वोट डाले जाएंगे। इनमें से 2566 मतदान केंद्र और 3618 पोलिंग बूथ अति संवेदनशील श्रेणी के तहत चिह्नित किए गए हैं। पांच सीटों में वीवीपैट की सुविधा लखनऊ के तीन और कानपुर नगर के दो विधानसभा क्षेत्रों के पोलिंग बूथों पर वोटर यह देख सकेंगे कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में उन्होंने जिस प्रत्याशी के नाम के आगे लगा बटन दबाया है, उनका वोट उसी उम्मीदवार को गया है या नहीं। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने लखनऊ पश्चिम, लखनऊ उत्तर व लखनऊ पूर्व व कानपुर के गोविंदनगर व आर्यनगर विधानसभा क्षेत्रों में 2,549 वीवीपैट (वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल) मशीनों की व्यवस्था की है।
बूथों की निगरानी ऐसे भी मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए निर्वाचन आयोग ने तीसरे चरण में 3,123 बूथों पर डिजिटल कैमरे और 1,411 बूथों पर वीडियो कैमरे लगाए हैं। वहीं 2,200 बूथों पर मतदान की वेबकास्टिंग का इंतजाम भी किया गया है। यह भी पढ़ें: UP election 2017: भाजपा के लिए वोट मांगने निकले मोदी सरकार के मंत्री इन जिलों में होगा मतदान लखनऊ, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई।
इन दिग्गजों का इम्तिहान
जिन सियासी दिग्गजों के भाग्य का फैसला इस चरण में होना है, उनमें अखिलेश सरकार से बर्खास्त मंत्री शिवपाल सिंह यादव व शिव कुमार बेरिया, ग्राम्य विकास मंत्री अरविंद सिंह गोप, प्राविधिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) फरीद महफूज किदवई, कृषि राज्य मंत्री राजीव कुमार सिंह, संस्कृति मंत्री अरुण कुमारी कोरी, समाज कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री सतीश महाना, विधान परिषद में भाजपा के नेता रहे ह्दय नारायण दीक्षित, कांग्रेस से भाजपा में आई रीता बहुगुणा जोशी, सपा विधायक उदयराज यादव शामिल हैं। सपा के संस्थापक अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव और सपा सांसद नरेश अग्रवाल के पुत्र व सपा सरकार में एमएसएमई मंत्री नितिन अग्रवाल की तकदीर का फैसला भी इसी चरण में होगा।





