यहां देश बेचैन, वहां ऑस्ट्रेलिया में मौज कर रहे विजय माल्या

एजेन्सी/मेलबर्न। देश में हलचल मची है कि शराब कारोबारी विजय माल्या देश छोड़कर भाग गए। संसद के दोनों सदनों में कार्यवाही स्थगित हो रही है। लेकिन विजय माल्या तो ऑस्ट्रेलिया में मजे लूट रहे हैं। विजय माल्या ऑस्ट्रेलिया में फार्मूला वन ग्रांड प्री का लुत्फ लेते नजर आएंगे।
विजय माल्या : फार्मूला वन रेस में हुए आमंत्रित
‘किंग ऑफ गुड टाइम्स’ कहे जाने वाले विजय माल्या 17 से 20 मार्च के बीच मेलबर्न में होने वाली फॉर्मूला वन रेस के लिए खास तौर पर आमंत्रित किए गए हैं। यहां पूरा देश उनको लेकर बेचैन हैं लेकिन विजय माल्या चैन की बंसी बजा रहे हें।
बैंक ताकते रहे, माल्या निकल लिए
दो मार्च को देश छोड़ने वाले माल्या का पासपोर्ट जब्त करने और उनके विदेश जाने पर रोक लगाने के लिए बैंकों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दी थी, लेकिन मामले की सुनवाई शुरू होने से पहले ही माल्या विदेश निकल चुके थे.
फोर्स इंडिया एफ-1 टीम के मालिक हैं माल्या
विजय माल्या को फॉर्मूला वन रेसिंग से पहले होने वाले रिसेप्शन में भी आमंत्रित किया गया था। सरकार से जुड़े एक प्रवक्ता ने बताया कि माल्या को इस वजह से इनवाइट किया गया था क्योंकि वह फोर्स इंडिया एफ-1 टीम के शेयर होल्डर हैं। हालांकि देश में उनके प्रवेश पर रोक लगाने के संबंध में ऑस्ट्रेलिया सरकार को फैसला लेना था। बीते शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नोटिस जारी करके माल्या को देश वापस लौटने और अपनी संपत्ति घोषित करने को कहा था।
माल्या को लेकर सरकार से कांग्रेस के 5 सवाल
कारोबारी विजय माल्या को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से माल्या को लेकर सवाल किए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने चुटकी लेते हुए कहा कि माल्या और ललित मोदी की जोड़ी, देश का पैसा ले दौड़ी।
कांग्रेस ने माल्या के देश छोड़ने के मामले में सरकार से सवाल किए हैं।
कांग्रेस के पांच सवाल-
- क्या भारत सरकार ब्रिटिश सरकार पर माल्या के प्रत्यार्पण के लिए दबाव बनाएगी? या फिर ललित मोदी मामले की तरह टालेगी?
- क्या 2 मार्च को देश छोड़ने से ठीक पहले एक मार्च को संसद परिसर में वित्त मंत्री अरुण जेटली से मिले थे विजय माल्या? अगर मिले थे तो क्या बात हुई? क्या जेटली ने इस बारे में PM से बात की?
- सीबीआई ने नोटिस क्यों बदला?
- ईडी ने 7 मार्च को फिर 18 मार्च को पेश होने को कहा है. और भी तमाम एजेंसी अब सक्रिय हो रही हैं?
- यूनाइटेड स्पिरिट्स कंपनी बेची गई तो उसका पैसा बैंकों को क्यों नहीं दिया गया?





