मोदी सरकार की दूसरी सालगिरह के जश्न की मेजबानी करेंगे अमिताभ

नई दिल्ली। केंद्र में राजग सरकार के दो साल पूरे होने पर 28 मई को इंडिया गेट पर जश्न की तैयारी जोरों पर है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल के ज्यादातर सहयोगियों के इंडिया गेट पर एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने की उम्मीद है और इसकी मेजबानी महानायक अमिताभ बच्चन करेंगे।
सरकार “जरा मुस्करा दो” कार्यक्रम का आयोजन कर रही है, जिसमें सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए कई कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। दूरदर्शन पर शो का पूरे देश में प्रसारण किया जाएगा। शो के दौरान विभिन्ना योजनाओं और कार्यक्रमों खासतौर पर स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया और ग्रामीण विद्युतीकरण को उजागर किया जाएगा।
विभिन्ना शहरों में भी होगा कार्यक्रमों का आयोजन
मोदी सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर देश के विभिन्न शहरों में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सरकार ने शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू की अध्यक्षता में शो की तैयारियों की निगरानी के लिए एक समिति का गठन किया था। नितिन गडकरी, पीयूष गोयल और राज्यवर्धन सिंह राठौर इस समिति के सदस्य हैं। समिति ने सरकार की योजनाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की है, जिसपर जोर दिए जाने की जरूरत है।
पिछले साल मोदी सरकार ने अपने एक साल पूरे होने पर “साल एक, शुरुआत अनेक” नाम से जश्न मनाया था। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने विभिन्ना मंत्रालयों से कहा था कि वो अपनी उपलब्धियों का विवरण प्रदान करें।
200 से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित करेगी भाजपा
भाजपा की पूरे देश में 26 मई से 10 जून के बीच सरकार की सफलताओं को उजागर करने के लिए 200 से अधिक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। पीएम मोदी के विभिन्न स्थानों पर इन रैलियों को संबोधित करने की संभावना है। इसकी शुरुआत वह 26 मई को सहारनपुर में रैली को संबोधित करके करेंगे।





