मुंबई में भारी बरसात, लोकल ट्रेनें भी देरी से चलीं

मुंबई. महानगर और आसपास के इलाकों में सोमवार रात से शुरू हुआ बरसात का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। इसके चलते जहां कई निचले इलाकों में जल जमाव हो गया वहीं मुंबई की लाइफ लाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें भी देरी से चलीं। मौसम विभाग ने मुंबई-ठाणे में अगले 24 घंटे बरसात का सिलसिला जारी रहने की चेतावनी दी है। निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या से बचने और पानी की निकासी के लिए महानगर में 79 पंपों की मदद ली गई। लगातार बरसात के चलते मध्य और हर्बर रेल सेवाएं करीब 20 जबकि पश्चिम रेलवे की सेवाएं करीब 10 मिनट की देरी से चलीं।

मुंबई के अंधेरी, पवई, कांजुरमार्ग, घाटकोपर, बांद्रा के अलावा ठाणे के डोंबिवली, कल्याण, उल्हासनगर जैसे इलाकों में भी मूसलाधार बारिश हुई जिसके चलते निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को परेशानी हुई। दोपहर में हाईटाइड के चलते समंदर में ऊंची-ऊंची लहरें उठीं।
ये भी पढ़े: US से PAK को कड़ा संदेश देने पर शिवसेना ने की मोदी की तारीफ, कहा- जितनी तारीफ करो कम
पर्यटकों को समंदर से दूर रहने की सलाह दी गई थी इसके बावजूद मरीन ड्राइव और चौपाटी पर लोगों की भीड़भाड़ दिखी। मुंबई मनपा से मिली जनकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह तक मुंबई शहर में 66.8 मिलीमीटर व उपनगर में 39.0 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।





