भारत-नेपाल के बीच सीमा-पार रेल कनेक्टिविटी पर चर्चा

भारत और नेपाल ने सीमा-पार रेलवे लिंक और इस सेक्टर में आपसी सहयोग पर बातचीत की है। इनमें जनकपुर-अयोध्या रूट पर यात्री ट्रेन सेवाएं भी शामिल हैं।
काठमांडू में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को बताया कि दोनों देशों के बीच यह बातचीत 11 और 12 जून को यहां आयोजित 10वीं प्रोजेक्ट स्टीयरिंग कमेटी और 8वीं जाइंट वर्किंग ग्रुप की बैठकों का हिस्सा थी।
जनकपुर-अयोध्या रूट पर ट्रेन सेवाएं
दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान जनकपुर-अयोध्या रूट पर यात्री ट्रेन सेवाएं शुरू करने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर पर खास तौर पर चर्चा की गई।
नेपाल का जनकपुर काठमांडू से 220 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में और अयोध्या से लगभग 500 किलोमीटर पूर्व में है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु नियमित रूप से इन दोनों जगहों पर आते-जाते हैं।
दूतावास के बयान में कहा गया है कि बैठकों में रक्सौल-काठमांडू ब्राड गेज रेलवे लिंक की फाइनल लोकेशन सर्वे रिपोर्ट और भारत की मदद से बनाई जा रही जयनगर-बिजलपुरा-बरदीबास और जोगबनी-विराटनगर ब्राड-गेज रेलवे लाइनों के काम को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
इसमें कहा गया है कि हिमालयी देश के दक्षिणी तराई जिलों को जोड़ने वाले ईस्ट-वेस्ट रेलवे लिंक के लिए तकनीकी सहायता भी दो दिन की बातचीत का हिस्सा थी।





