भारत-चीन सीमा पर सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण दो सड़क और एक पुल बीआरओ ने राष्ट्र को किए समर्पित

भारत-चीन सीमा पर सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण दो सड़क और एक प्री-स्ट्रेस कंक्रीट पुल सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के जनरल ऑफीसर कमांडिग (उत्तर भारत एरिया) ले.जनरल हरीश ठुकराल ने गुरुवार सुबह राष्ट्र को समर्पित किए। हालांकि, सूबे के वित्त मंत्री प्रकाश पंत के आकस्मिक निधन के कारण प्रदेश सरकार ने सूबे में राजकीय शोक घोषित किया हुआ है। लेकिन, बॉर्डर एरिया में संचार सुविधा न होने के कारण बीआरओ अधिकारियों को इसकी जानकारी गुरुवार दोपहर मिल पाई। जिससे लोकार्पण का कार्यक्रम नहीं टाला जा सका।
भारत-चीन सीमा से लगे नेलांग क्षेत्र में गुरुवार सुबह बीआरओ ने नेलांग-नागा और नागा-सोनम डबल लेन सड़कों के अलावा नागा सेक्टर में समुद्रतल से 12680 फीट की ऊंचाई पर बने 45 मीटर लंबे प्री-स्ट्रेस कंक्रीट पुल का लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम में बीआरओ के जनरल ऑफीसर कमांडिग (उत्तर भारत एरिया) ले.जनरल हरीश ठुकराल सहित बीआरओ व सेना के बड़े अधिकारी पहुंचे। ले.जनरल ठुकराल ने पुल व सड़कों के बेहतर निर्माण के लिए बीआरओ के महानिदेशक ले.जनरल हरपाल सिंह और शिवालिक परियोजना के मुख्य अभियंता आशु सिंह राठौर समेत अन्य अधिकारियों व जवानों को बधाई दी। कहा कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इन सड़कों और पुल के बनने से सेना व आइटीबीपी को अग्रिम चौकियों तक पहुंचने में काफी आसानी होगी।

बीआरओ शिवालिक परियोजना के मुख्य अभियंता एएस राठौर ने कहा कि बीआरओ ने सड़क निर्माण के लिए पर्यावरण के अनुकूल नवीन कोल्ड मिक्स तकनीकी का इस्तेमाल किया है। इससे पर्यावरण को कम से कम नुकसान होता है। बीआरओ ने विषम परिस्थितियों एवं अत्याधिक ठंड के बीच 12680 फीट की ऊंचाई पर प्री-स्ट्रेस कंक्रीट पुल का निर्माण किया है। नेलांग घाटी का यह सबसे ऊंचाई वाला प्री-स्ट्रेस कंक्रीट पुल है। बताया कि चीन की ओर से सीमावर्ती क्षेत्रों के तेजी से आधुनिकीकरण को देखते हुए बीआरओ भी भारतीय सीमा में सड़क व पुलों के निर्माण में तेजी से कार्य कर रहा है।

उत्तराखंड में शिवालिक परियोजना पूरी शिद्दत से सीमावर्ती क्षेत्रों को मजबूत बनाने में जुटी हुई है। इस वर्ष बीआरओ की ओर से सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कई और सड़क व पुलों का निर्माण पूर्ण किया जा रहा है। जो कि राष्ट्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम में ब्रिगेडियर एके पुंडीर, सीमा सड़क कृतिक बल के कमांडर सुनील श्रीवास्तव, कमान अधिकारी ले. कर्नल यश श्रीवास्तव, कमान अधिकारी मेजर एस.मोहंती आदि मौजूद रहे।





